हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय और सामाजिक-व्यंग्य फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने अपनी रिलीज के नौ साल पूरे कर लिए हैं। IANS
मनोरंजन

इरफान खान की 'हिंदी मीडियम' के नौ साल पूरे, मेकर्स ने शेयर किया आइकॉनिक वीडियो

हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय और सामाजिक-व्यंग्य फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने अपनी रिलीज के नौ साल पूरे कर लिए हैं।

IANS

हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय और सामाजिक-व्यंग्य फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने अपनी रिलीज के नौ साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर मंगलवार को मेकर्स ने फिल्म से जुड़ी यादों को ताजा किया।

मैडॉक फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर दिवंगत अभिनेता इरफान खान का एक बेहद लोकप्रिय वीडियो क्लिप शेयर किया। इसमें इरफान खान प्राइवेट स्कूलों की मनमानी और उनके दिखावे पर तंज कस रहे हैं। वीडियो पोस्ट कर मेकर्स ने लिखा, "पढ़ाई की भाषा: हिंदी या अंग्रेजी नहीं, सिर्फ एहसास।"

साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'हिंदी मीडियम' समाज की उस कड़वी सच्चाई को दिखाती है, जहां अंग्रेजी बोलना ही इंसान की काबिलियत का पैमाना मान लिया जाता है। फिल्म में दिखाया गया था कि कैसे एक माता-पिता अपनी बेटी को एक बड़े अंग्रेजी मीडियम स्कूल में एडमिशन दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं, और इस चक्कर में उन्हें किस तरह की दिक्कतों और धोखेबाजी का सामना करना पड़ता है।

फिल्म की कहानी दिल्ली के चांदनी चौक में रहने वाले एक व्यवसायी राज (इरफान खान) और उनकी पत्नी मीता (सबा कमर) के इर्द-गिर्द घूमती है। मीता अपनी बेटी 'पिया' को शहर के सबसे प्रतिष्ठित और महंगे इंग्लिश-मीडियम स्कूल में पढ़ाना चाहती है ताकि उनकी बेटी उच्च वर्ग का हिस्सा बन सके और समाज में उनकी प्रतिष्ठा बढ़े।

इसके लिए वे अपने तौर-तरीके बदलने की कोशिश करते हैं, लेकिन असफल रहते हैं। अंत में, वे एक 'गरीब कोटे' के तहत अपनी बेटी का एडमिशन कराने के लिए झूठा नाटक करते हैं और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने लगते हैं। इस प्रक्रिया में उनकी मुलाकात एक सच्चे गरीब व्यक्ति (दीपक डोबरियाल) से होती है, जिसके बाद उन्हें जीवन और शिक्षा का असली अर्थ समझ आता है।

इस फिल्म में इरफान खान के अभिनय को हर वर्ग ने सराहा था। उनका सहज अभिनय और डायलॉग डिलीवरी इतनी दमदार थी कि लोग आज भी इस फिल्म के दृश्यों को भूल नहीं पाए हैं।

साकेत चौधरी द्वारा निर्देशित फिल्म में इरफान खान और सबा कमर मुख्य भूमिका में नजर आए थे।

[PY]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)