मशहूर टीवी शो CID की आइकॉनिक तिकड़ी अब अपना एक नया क्राइम शो लॉन्च करने जा रही है। दया ने एक वीडियो जारी कर इसकी घोषणा की कि वह अपना एक नया क्राइम शो जल्द ही ओटीटी या टेलीविजन पर लाने वाले हैं। आइए जानते हैं दया के शो के बारे में।
"दया, दरवाजा तोड़ दो"—यह डायलॉग तो लोगों का CID क्राइम थ्रिलर शो का सबसे पसंदीदा डायलॉग है। यही नहीं, दया, अभिजीत और ACP प्रद्युम्न की शानदार तिकड़ी को हमेशा से पसंद किया जाता रहा है। इनकी वजह से ही CID आज भी टेलीविजन के सबसे मशहूर क्राइम थ्रिलर शो में से एक है। दूसरा सीजन जब दिसंबर 2025 में बंद हुआ, तब उसके बाद से फैंस लगातार तीसरा सीजन लाने की डिमांड कर रहे थे। इसी बीच, तीसरे सीजन को लेकर कोई औपचारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन शिवाजी साटम, आदित्य श्रीवास्तव और दयानंद शेट्टी ने अपने नए शो 'पापनाशम' का ऐलान किया है। हालांकि 'पापनाशम' शो उनके CID शो से बिल्कुल अलग होगा। इस शो में किरदार तो अलग होंगे, लेकिन कलाकार वही रहेंगे।
यह भी पढ़ें: बॉबी देओल की फिल्म थी 'जब वी मेट', लेकिन उन्हें बिना बताए मूवी से निकाल दिया, जानें बॉलीवुड का अनसुना किस्सा
ACP प्रद्युम्न, दया और अभिजीत के 'पापनाशम' (Papanasam) शो की घोषणा दयानंद शेट्टी ने 22 सितंबर को एक वीडियो जारी कर दी। इस वीडियो में पूरी टीम ने इस बारे में सूचना प्रदान की। शिवाजी साटम ने वीडियो में कहा—"जिस शो का फैंस इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार आने वाला है।" 'पापनाशम' शो की शूटिंग मैंगलोर और उडुपी में शुरू हो चुकी है। आदित्य ने जानकारी दी कि इस शो का नाम 'पापनाशम' है, जो एक क्राइम शो ही है। वहीं दयानंद शेट्टी ने बताया कि यह शो CID से थोड़ा भिन्न है और इस शो में सभी नए किरदार देखने को मिलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि 'पापनाशम' शो उनके दिल के बेहद करीब है। इस शो के जरिए वह एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। इस शो का निर्माण उनके बैनर 'दया शेट्टी प्रोडक्शंस' के तले हो रहा है। 'पापनाशम' शो में ACP प्रद्युम्न, दया और अभिजीत के अलावा भी CID शो के इंस्पेक्टर पूर्वी और इंस्पेक्टर सचिन का किरदार निभाने वाले स्टार्स भी इस शो का हिस्सा रहेंगे।
शिवाजी साटम, दयानंद शेट्टी और आदित्य श्रीवास्तव के 'पापनाशम' शो यानी आइकॉनिक तिकड़ी के इस नए क्राइम शो के रिलीज होने की कोई औपचारिक सूचना सामने नहीं आई है। लेकिन दया ने अपने इंटरव्यू में खुलासा किया कि यह शो दिसंबर से प्रारंभ होगा। बता दें, इस शो को दर्शक ओटीटी या टेलीविजन पर देख सकेंगे। फिलहाल, इस शो को लेकर फैंस में उत्साह बरकरार है। अब देखना यह होगा कि जनता इस शो को वैसे ही पसंद करेगी या नहीं, जैसे दर्शकों ने CID को किया था।
जानकारी के लिए बता दें, CID शो के पहले सीजन का प्रसारण 21 जनवरी 1998 से 27 अक्टूबर 2018 तक हुआ। जबकि दूसरे सीजन की शुरुआत 21 दिसंबर 2024 से हुई, जो 14 दिसंबर 2025 तक ऑन-एयर रहा। बता दें कि इस मशहूर शो का 111 मिनट का एक एपिसोड, जो एक सिंगल कैमरा से शूट हुआ था, उसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।(VR/MK)
यह भी पढ़ें: