मुंबई, 6 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अपने अभिनय और शानदार व्यक्तित्व को लेकर दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखते हैं। वहीं, फिल्मों के अलावा वे थिएटर करना भी पसंद करते हैं। उनका एकल नाटक 'कुछ भी हो सकता' दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है।
हाल ही में अनुपम ने जयपुर में इस नाटक का अपना 500वां शो किया था। इसकी कुछ झलक शुक्रवार को उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की। उन्होंने लिखा, "जयपुर 500वां शो, आभार।"
अनुपम खेर ने बताया कि गुरुवार रात को जयपुर में उन्होंने शो 'कुछ भी हो सकता है' का 500वां प्रदर्शन किया। उन्होंने लिखा, "23 साल पहले जब इस नाटक की शुरुआत हुई थी, तब यह सिर्फ मेरी जिंदगी की कहानी थी। इसमें मेरी असफलताएं, मुश्किलें, उम्मीदें और कभी हिम्मत न हारने का जज्बा था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह व्यक्तिगत कहानी दुनिया भर में फैलेगी और इतने लोगों के दिलों को छू लेगी।"
उन्होंने अपने निर्देशक फिरोज अब्बास खान, लेखक अशोक पटोले और पूरी टीम को शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, "ये लोग हर शो को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। सबसे ज्यादा धन्यवाद उन दर्शकों का, जिन्होंने पिछले 20 साल से ज्यादा समय तक प्यार देकर इस नाटक का मान रखा।"
500 शो पूरे होने की खुशी को लेकर उन्होंने लिखा, "500 शो पूरे होने के बाद भी मैं मंच पर उतने ही उत्साह और खुशी से खड़ा होता हूं, जितने पहले शो में था।"
उन्होंने एक प्रेरक बात कही, "सपने इसलिए पूरे नहीं होते कि जिंदगी आसान होती है। सपने इसलिए पूरे होते हैं क्योंकि आप हार नहीं मानते और फिर सच में कुछ भी हो सकता है।"
अभिनेता ने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा, "जयपुर में शो के लिए राज्यवर्धन सिंह राठौर जी का शुक्रिया। उनकी मौजूदगी, तारीफ और सहयोग के लिए धन्यवाद। जय हो।"
अभिनेता अपने फिल्मों के साथ थिएटर को लेकर काफी सीरियस रहते हैं। उनका मानना है कि थिएटर उनके अभिनय को और भी निखारने का काम करता है। उन्होंने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा था, "यह मेरे अंदर के अभिनेता को जिंदा रखता है। इसके जरिए मैं अपने अभिनय को बेहतर बनाता हूं।"
--आईएएनएस
एनएस/पीयूष