बजट 2026: भाषण में निर्मला सीतारमण ने दी देश को बड़ी सौगात।  Ministry of Finance (GODL-India), GODL-India, via Wikimedia Commons
Union Budget 2026

बजट 2026: भाषण में निर्मला सीतारमण ने दी देश को बड़ी सौगात, 11 बड़ी योजनाओं का किया ऐलान

केंद्र सरकार ने बजट 2026 में सामाजिक विकास और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की है। इस बार बजट में खास ध्यान केयर सेवाओं (Care Services), दिव्यांगजनों की सहायता, मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) और आपात चिकित्सा सुविधाओं पर दिया गया है।

Author : Preeti Ojha
  • बजट 2026 में सरकार ने केयर इकोसिस्टम, दिव्यांग सहायता, मानसिक स्वास्थ्य और आपात चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई नई योजनाओं का ऐलान किया।

  • महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए SHE Marts और लखपति दीदी योजना के जरिए आय बढ़ाने और बाजार से जोड़ने पर खास फोकस रखा गया।

  • दिव्यांगजनों के लिए स्किल ट्रेनिंग, सहायक उपकरण, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान अपग्रेड और जिला स्तर पर ट्रॉमा सेंटर जैसी सुविधाएं बढ़ाने की घोषणा हुई।

1 फरवरी 2026 को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) द्वारा उनके कार्येकाल का 9वां बजट पेश किया गया । केंद्र सरकार ने बजट 2026 में सामाजिक विकास और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की है। इस बार बजट में खास ध्यान केयर सेवाओं (Care Services), दिव्यांगजनों की सहायता (Support for Persons with Disabilities), मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) और आपात चिकित्सा सुविधाओं (Emergency Medical Services - EMS) पर दिया गया है। सरकार ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि सेवाएं जमीनी स्तर तक मजबूत रूप में पहुंचें। ऐसे में आइये जानते हैं उन 11 योजनाओं के बारे में।

1. केयर इकोसिस्टम को मजबूत बनाने की योजना

सरकार ने जेरियाट्रिक और एलाइड केयर (Geriatric and Allied Care) सेवाओं को कवर करते हुए एक मजबूत केयर इकोसिस्टम बनाने का ऐलान किया है। इसके तहत बुजुर्गों और विशेष जरूरत वाले लोगों की देखभाल के लिए संरचित व्यवस्था तैयार की जाएगी। अब बुजुर्गों की जिम्मेदारी सरकार के हाथ में होगी। 

2. 1.5 लाख मल्टी-स्किल्ड केयरगिवर्स की ट्रेनिंग

केयर सेक्टर (Care Sector) में कुशल मानव संसाधन बढ़ाने के लिए 1.5 लाख मल्टी-स्किल्ड केयरगिवर्स को ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और मरीजों को बेहतर सेवा मिल सकेगी।

3. Self-Help Entrepreneur (SHE) Marts की स्थापना

महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर स्तर पर SHE Marts स्थापित किए जाएंगे। ये कम्युनिटी-ओन्ड रिटेल आउटलेट्स होंगे, जिससे महिलाओं को सीधे बाजार से जुड़ने और आय बढ़ाने का मौका मिलेगा।

4. दिव्यांग कौशल योजना

दिव्यांगजनों के लिए उद्योग आधारित और कस्टमाइज्ड ट्रेनिंग (Customized Training)  कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य अलग-अलग प्रकार की दिव्यांगता वाले लोगों को सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

5. दिव्यांग सहारा योजना

इस योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनकी दैनिक जीवन की चुनौतियां कम हो सकें।

6. ALIMCO को तकनीकी और उत्पादन सहायता

Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India (ALIMCO) को मजबूत किया जाएगा। सहायक उपकरणों के उत्पादन को बढ़ाने, रिसर्च, डेवलपमेंट और AI तकनीक के इस्तेमाल पर निवेश किया जाएगा।

7. PM दिव्याशा केंद्रों का आधुनिकीकरण

देशभर के PM दिव्याशा केंद्रों को आधुनिक रिटेल-स्टाइल सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि दिव्यांगजनों को उपकरण और सेवाएं एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से मिल सकें।

8. NIMHANS-2 और मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों का अपग्रेड

मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं  (Mental Health Services) को मजबूत करने के लिए NIMHANS-2 की स्थापना की जाएगी। साथ ही रांची और तेजपुर के राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड किया जाएगा।

9. जिला अस्पतालों में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर

जिला स्तर पर आपात चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि दुर्घटना और गंभीर स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके।

10. लखपति दीदी योजना को बढ़ावा

बजट 2026 में सरकार ने स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लखपति दीदी योजना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की सालाना आय को ₹1 लाख या उससे अधिक तक पहुंचाने में मदद करना है। इसके तहत महिलाओं को स्किल ट्रेनिंग, माइक्रो-एंटरप्राइज सपोर्ट, फाइनेंस और मार्केट लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

निर्मला सीतारमण द्वारा सत्र 2026 - 2027 के बजट में इन 10 योजनाओं पर चर्चा की गई हैं। 

(PO)