एक पक्षी की आत्मकथा: आज मैं आज़ाद हूँ। मेरे सामने खुला आसमान है। लेकिन मेरी कहानी उस दिन से शुरू होती है, जब यही आसमान मुझसे छीन लिया गया था। X
ब्लॉग

पिंजरा: एक पक्षी की आत्मकथा

आज मैं आज़ाद हूँ। मेरे सामने खुला आसमान है। लेकिन मेरी कहानी उस दिन से शुरू होती है, जब यही आसमान मुझसे छीन लिया गया था।

Author : न्यूज़ग्राम डेस्क
Reviewed By : Mayank Kumar

  • एक नन्हे पक्षी को माँ से छीनकर पिंजरे में बंद कर दिया गया, जहाँ मालिक ने दाना-पानी देने को ही अपना प्यार समझ लिया।

  • सालों बाद पिंजरा खुलने पर वह उड़ तो गया, लेकिन लंबी कैद ने उससे बाहर जीने की कला, बचपन और परिवार सब छीन लिया था।

  • किसी को कैद रखकर पालना प्रेम नहीं है; सच्चा प्रेम आज़ादी देने में है, क्योंकि छीना हुआ समय कभी वापस नहीं आता।

✍️ नीपा नयन

आज मैं आज़ाद हूँ। मेरे सामने खुला आसमान है। लेकिन मेरी कहानी उस दिन से शुरू होती है, जब यही आसमान मुझसे छीन लिया गया था।

मैं बहुत छोटा था। माँ के पंखों के नीचे मेरी पूरी दुनिया थी। उनके साथ उड़ना, परिवार और दोस्तों के साथ पेड़ों की डालियों पर लौटना और माँ की आवाज़ सुनकर उनके पास चले आना—इतना ही मेरा संसार था।

फिर एक दिन अनजान हाथों ने मुझे माँ से छीन लिया। मैं पुकारता रहा, पर माँ कहीं नहीं थी। चारों ओर सिर्फ लोहे की सलाखें थीं, और मैं कुछ भी समझ नहीं पा रहा था।

बहुत देर तक माँ को पुकारता रहा। फिर आवाज़ थक गई और मैं डर और सदमे से चुप हो गया।

अगले दिन मेरे सामने दाना-पानी रखा गया। बहुत भूख लगी थी, इसलिए खा लिया। आखिर जीने के लिए खाना जरूरी था। लेकिन सिर्फ पेट भर जाए, यही तो जीवन नहीं है ना!

दिन बीतते गए, मौसम बदलते गए। मैं बड़ा होता गया, और धीरे-धीरे पिंजरा ही मेरी पूरी दुनिया बन गया।

मेरा मालिक रोज पिंजरा साफ करता, दाना-पानी देता और कहता, “देखो, मैं तुमसे कितना प्यार करता हूँ। बाहर बहुत खतरे हैं, तुम यहाँ सुरक्षित हो।” उसे लगता था कि मुझे खाना देना और मेरी देखभाल करना ही मुझसे प्रेम करना है। लेकिन वह यह नहीं समझ पाया था कि प्रेम किसी को अपने पास कैद रखना नहीं, उसे आज़ाद रखना है।

मैंने कितनी ही बार पिंजरे से निकलने की कोशिश की। सलाखों से टकराया, पंख फड़फड़ाए। पर हर बार असफल हुआ। आखिर एक दिन, कोशिश करते-करते थककर मैं चुपचाप बैठ गया—मानो हार गया।

मेरी चुप्पी देखकर मेरा मालिक खुश हुआ। उसे लगा, अब मैं खुश हूँ। लेकिन वह यह नहीं समझ पाया कि हम पशु-पक्षी इंसानों की तरह अपना दुख रोकर व्यक्त नहीं कर सकते। हमारी आँखों में आँसू नहीं आते।

फिर एक दिन, न जाने उसे क्या समझ में आया, उसने धीरे से पिंजरे का दरवाज़ा खोल दिया।

कुछ क्षण मैं वहीं बैठा रहा। सामने वही खुला आकाश था, जिसे वर्षों से सलाखों के पीछे से देखता आया था। फिर मैंने पंख फैलाए और उड़ गया। क्योंकि उड़ना मेरे लिए केवल पंखों की गति नहीं, मेरा अधिकार था, मेरा जीवन था।

आज़ादी की खुशी तो थी, लेकिन बाहर का जीवन आसान नहीं था। अब भोजन ढूँढ़ना कठिन था। हर खतरा मुझे नया लगता था। कैद ने मुझे इतना निर्भर बना दिया था कि खुले आकाश में लौटना भी कठिन लग रहा था।

आज मैं खुले आकाश में उड़ रहा हूँ, पर उस राक्षसी पिंजरे का डर मेरे भीतर से निकल नहीं पा रहा है। उसने मेरा बचपन, मेरी माँ, मेरा परिवार—सब कुछ मुझसे छीन लिया। अब मैं उन्हें कहाँ ढूँढूँ? पिंजरे से बाहर तो आ गया, लेकिन जो उसके कारण छूट गया, वह फिर कभी नहीं मिला।

मैं अपना खोया हुआ समय वापस नहीं पा सकता। पर मेरी एक विनती है—

किसी जीव को दाना-पानी देकर जीवित रखना ही प्रेम नहीं है। प्रेम तो उसके जीवन को उसके अपने ढंग से जीने देना है।

पिंजरे का दरवाज़ा खुल सकता है, लेकिन छिनी हुई ज़िंदगी वापस नहीं आती।

(पिंजरा सिर्फ़ लोहे का नहीं होता, कभी-कभी रिश्तों का भी होता है।)