

AI generated summary, newsroom reviewed
तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को पहले चरण का मतदान होगा। राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत इस चुनाव को जीतने में लगा दी है। जनता के बीच नए-नए वादे किये जा रहे हैं। एक तरफ डीएमके की कमान संभाल रहे स्टालिन को यह भरोसा है कि उनके काम से जनता खुश है और तमिल अस्मिता के नाम पर एक बार पुनः जनता डीएमके को चुनेगी।
दूसरी तरफ एआईएडीएमके के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने सत्ता पक्ष के खिलाफ लहर बनाने की पूरी कोशिश की है। इन दो ध्रुवों के अलावा एक्टर विजय थलपती ने तमिलनाडु में तीसरा फ्रंट तैयार करने की कोशिश की है। तमिलनाडु चुनाव 2026 में विजय ने 234 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
22 जून 1974 को मद्रास में जन्में विजय ने फिल्म की दुनिया में अच्छी सफलता हासिल कर लिया था। अब 51 वर्षीय नेता विजय थलपती ने तमिलनाडु में चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने दो सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। त्रिची ईस्ट और चेन्नई के परम्बूर को उन्होंने अपने राजनीतिक सफरनामा के लिए चुना है। विजय के चुनाव लड़ने की घोषणा होने पर तमिलनाडु की सियासत में गर्मी बढ़ गई है। इसके पहले तक जनता दो अलग-अलग फ्रंट में से किसी एक को चुनती थी, लेकिन इस बार के चुनाव में थलपती ने 234 उम्मीदवारों की घोषणा करके पूरे तमिलनाडु में तीसरा फ्रंट विकल्प के रूप में जनता के सामने रखा है।
विजय के अलावा तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) पार्टी के महासचिव एन. आनंद टी नगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, कोषाध्यक्ष वेंकट रमणन मायलापुर और आधव अर्जुन विल्लीवाक्कम से चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी की तरफ से विजय ने युवाओं को टिकट देकर युवा मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। यह सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया है कि सभी निर्वाचन क्षेत्रों में क्षेत्रीय संतुलन बना रहे।
यह भी पढ़ें : तमिलनाडु में BJP बैकफुट पर? सिर्फ 27 सीटों पर सिमटी, AIADMK के सहारे चुनाव
तमिलनाडु में स्टालिन के खिलाफ एक नई पार्टी बनाकर विजय ने चुनौती देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है, तमिलनाडु चुनाव-2026 में एक तरफ TVK है और दूसरी तरफ डीएमके है। TVK का गठबंधन जनता के साथ है। डीएमके का गठबंधन अलग-अलग पार्टियों से है। विजय ने कहा कि लड़ाई जनता के गठबंधन और स्टालिन सर गठबंधन के बीच है। विजय ने पार्टी का गठन 2 फरवरी 2024 को किया था।
पार्टी गठन के समय ही उन्होंने कहा था कि विचारधारा के तौर वह बीजेपी के खिलाफ हैं लेकिन उनकी राजनीतिक लड़ाई डीएमके से है। विजय ने कहा था कि डीएमके ने तमिलनाडु में जिस तरीके से शासन किया, वह जनता के अनुकूल नहीं है।
27 सितंबर 2025 को विजय ने करूर के वेलुसामिपुरम में एक रैली का आयोजन किया था। इस रैली में भगदड़ मच गई थी जिसमें 41 लोगों के मरने वाली बात सामने आई थी। इस मामले पर सीबीआई पूछताछ कर रही है 15 मार्च 2026 को सीबीआई ने इस मामले पर विजय से पूछताछ किया था।
इसके अलावा साल 2015 में पुली फिल्म के हिसाब में से 5 करोड़ छिपाने की बात सामने आई थी। आयकर विभाग ने विजय सहित उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापा मारा था। इस मामले में आयकर विभाग ने विजय पर 1.5 करोड़ का जुर्माना लगाया था।
एक्टर विजय के चुनाव लड़ने से तमिलनाडु में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। विजय थलपती (जोसेफ विजय चंद्रशेखर) को इस चुनाव में युवाओं का समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि युवा चेहरे के तौर पर उदयनिधि स्टालिन को डीएमके की तरफ से चुनावी सभाओं की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
विजय अपने इस चुनाव में बिहार के प्रशांत किशोर से सलाह मशवरा करते रहे हैं। फरवरी 2025 में प्रशांत किशोर ने विजय के साथ महाबलीपुरम में मंच साझा किया था। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रणनीतिकार कहे जाने वाले प्रशांत किशोर की भूमिका TVK में क्या हो सकती है।
विजय थलपती के दो सीटों से चुनाव लड़ने की रणनीति जो भी हो लेकिन इस बात में कोई संदेह नहीं है कि विजय चुनाव को लेकर बेहद गंभीर हैं। अब देखना यह है, तमिलनाडु की राजनीति में TVK तीसरा फ्रंट बन पाती है या फिर विजय का हाल बिहार के प्रशांत किशोर जैसा होगा।
यह भी देखें :