

Team India: न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने 2026-27 घरेलू अंतरराष्ट्रीय सीजन का शेड्यूल घोषित कर दिया है। इस सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण भारत का मेगा टूर है।
भारतीय टीम (Team India) अक्टूबर से दिसंबर तक न्यूजीलैंड दौरे पर आएगी। इस दौरे पर टीम इंडिया 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेलेगी। कुल 12 मैचों वाला यह दौरा न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में किसी भी विदेशी टीम का सबसे बड़ा द्विपक्षीय दौरा होगा।
भारतीय पुरुष टीम (Team India) 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड में रहेगी। इस दौरान पांच प्रमुख शहरों, क्राइस्टचर्च, वेलिंगटन, ऑकलैंड, हैमिल्टन और टौरंगा, में मैच आयोजित किए जाएंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कुल आठ शहरों में 26 अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित करने की घोषणा की है।
इस सीजन में न्यूजीलैंड की महिला टीम व्हाइट फर्न्स दिसंबर में बांग्लादेश की मेजबानी करेगी। 10 से 23 दिसंबर तक 3 टी20 और 3 वनडे मैच खेले जाएंगे। यह उनके इस गर्मी का एकमात्र घरेलू दौरा होगा। वहीं ब्लैककैप्स जनवरी-फरवरी 2027 में श्रीलंका की मेजबानी करेंगे, जिसमें 3 वनडे, 3 टी20 और 2 टेस्ट मैच शामिल होंगे। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के साथ चार टेस्ट मैचों की बहुप्रतीक्षित सीरीज भी खेली जाएगी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट का का 2026/27 अंतरराष्ट्रीय घरेलू शेड्यूल बुधवार, 3 जून को पापटोएटॉय में इंटरनेशनल स्वामीनारायण सत्संग संगठन (आईएसएसओ) में लॉन्च किया गया। इस कार्यक्रम में व्हाइट फर्न्स की स्पिनर ईडन कार्सन, ब्लैककैप्स के स्टार स्पिनर ईश सोढ़ी, स्थानीय समुदाय के सदस्य और न्यूजीलैंड के खेल एवं मनोरंजन मंत्री मार्क मिशेल मौजूद रहे।
न्यूजीलैंड सरकार ने भारत दौरे को विशेष समर्थन देने की घोषणा की है। यह समर्थन दोनों देशों के बीच 100 वर्ष पुराने खेल संबंधों को समर्पित है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अधिकारी ने भारत दौरे को 'एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाला मौका' बताया। उन्होंने कहा कि विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ियों के आने से फैंस में भारी उत्साह है।
भारत (Team India) के साथ हाल के वर्षों में दोनों टीमों के बीच रोचक प्रतिद्वंद्विता देखने को मिली है, जिससे यह दौरा और भी रोमांचक होने वाला है। टिकटों की भारी मांग की उम्मीद है। फैंस को जल्द ही प्री-सेल विंडो में टिकट बुक करने की सलाह दी गई है। स्काई न्यूजीलैंड अगले छह सीजन तक न्यूजीलैंड क्रिकेट का आधिकारिक ब्रॉडकास्टर रहेगा।
यह शेड्यूल न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण साबित होगा, जिसमें कुल 42 दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला जाएगा। भारत का दौरा न सिर्फ खेल के लिहाज से बल्कि दोनों देशों के सांस्कृतिक और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का बड़ा अवसर भी होगा। (MK)