

24 फरवरी 2010 को सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट में पहला दोहरा शतक (200*) लगाकर इतिहास रच दिया।
विराट कोहली ने कई रिकॉर्ड तोड़े, लेकिन वनडे में 200 रन बनाने का रिकॉर्ड अभी तक नहीं बना सके।
रोहित शर्मा ने वनडे में तीन बार 200 रन बनाकर दुनिया के सबसे सफल डबल सेंचुरी बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
24 फ़रवरी क्रिकेट के इतिहास के ऐतिहासिक दिनों में से एक रहा है क्योंकि इस दिन एक ऐसा रिकॉर्ड बना था, जिसने सभी युवा खिलाड़ियों की सोच बदल दी। 36 साल की उम्र में एक वरिष्ठ क्रिकेटर मैदान पर आता है और वो कारनामा कर जाता है, जिससे भारतीय क्रिकेट टीम के साथ विश्व क्रिकेट की भी रूप रेखा बदल जाती है।
हम बात क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) की कर रहे हैं, जिन्होंने आज से 16 साल पहले क्रिकेट की किताब में एक नया अध्याय जोड़ दिया था। ये वो अध्याय जिसे विराट कोहली (Virat Kohli) तक नहीं तोड़ पाए हैं, जबकि वो तेंदुलकर के उत्तराधिकारी के तौर पर देखे जाते हैं। हालांकि, खास बात यह है कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) इस रिकॉर्ड को पूरे 3 बार ध्वस्त कर चुके हैं।
24 फरवरी 2010 को ग्वालियर स्थित कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने एक तूफानी पारी खेली। इस दिन पहली बार किसी पुरुष 'बैटर' ने वनडे क्रिकेट में 200 रन का आंकड़ा छुआ। ये वो दौर था जब सीमित ओवरों के प्रारूप में दोहरा शतक जड़ना एक सपना मात्र होता था लेकिन तेंदुलकर ने इसे हकीकत में बदल दिया।
इस पारी ने यह साबित किया कि सीमित ओवरों में भी धैर्य, फिटनेस और निरंतर आक्रामकता से बड़े स्कोर संभव हैं। उस मुकाबले की बात करें, तो टीम इंडिया मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी। तीन मैचों की सीरीज का यह दूसरा मुकाबला था, पहला मैच भारत जीत चुका था जबकि दूसरे मुकाबले में तेंदुलकर का तूफ़ान दिख गया। उन्होंने मैच में दोहरा शतक जड़ा।
सचिन-सहवाग की जोड़ी मैदान पर आई और दोनों ने तेज शुरुआत दी। दोनों खिलाड़ी 3.4 ओवरों में 25 रन जोड़ चुके थे, लेकिन अगली गेंद पर वेन पार्नेल ने सहवाग को डेल स्टेन के हाथों कैच आउट करवा दिया। सहवाग 11 गेंदों में 1 चौके के साथ 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद तेंदुलकर ने दिनेश कार्तिक के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 194 रन टीम के खाते में जोड़े। इस बीच कार्तिक ने 85 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 79 रन बनाए।
फिर यूसुफ पठान चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने तेंदुलकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 81 रन जुटाकर टीम को 300 के स्कोर तक पहुंचा दिया। पठान ने 36 रन बनाए और फिर क्रीज पर बैटिंग के लिए आए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जिन्होंने नाबाद 68 रन की पारी खेली औरसचिन के साथ चौथे विकेट के लिए 101 रन की अटूट साझेदारी करते हुए स्कोर 401/3 तक पहुंचाया।
सचिन पारी की शुरुआत करने उतरे और अंत तक मोर्चा संभाले खड़े रहे। उन्होंने 147 गेंदों में 3 छक्कों और 25 चौकों के साथ नाबाद 200 रन बनाए। वहीं, जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 42.5 ओवरों में महज 248 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने मैच 153 रन से अपने नाम किया। साउथ अफ्रीका की तरफ से एबी डी विलियर्स ने 101 गेंदों में 15 बाउंड्री के साथ 114 रन बनाए, जबकि हाशिम अमला ने 34 रन की पारी खेली लेकिन अफ्रीका को हार ही मिली। भारत की तरफ से श्रीसंत ने 3 और जडेजा-आशीष-यूसुफ पठान ने 2-2 विकेट अपने नाम किये जबकि एक विकेट प्रवीण कुमार ने लिया।
गौर करने वाली बात है कि सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के टीम इंडिया में रहते ही विराट कोहली (Virat Kohli) को उनका उत्तराधिकारी कहा जाने लगा था। कोहली ने सचिन के कई रिकॉर्ड्स तोड़े। 15 नवंबर 2023 को उन्होंने सचिन के वनडे में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा। तेंदुलकर के नाम 49 शतक थे जबकि अब कोहली के नाम 54 वनडे शतक हो चुके हैं।
इसके साथ ही कोहली ने सबसे तेज 28,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने यह उपलब्धि 624 पारियों में हासिल की, जबकि सचिन ने इसके लिए 644 पारियां ली थीं। हालांकि, विराट के नाम अब तक वनडे क्रिकेट में 200 रन जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। इस फॉर्मेट में उनका बेस्ट स्कोर 183 है, जो 2012 के एशिया कप में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था।
विराट कोहली (Virat Kohli) तो वनडे में कभी 200 रन का आंकड़ा नहीं छू पाए लेकिन उनके साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने एक नहीं बल्कि पूरे 3 बार इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया है। ऐसा कह सकते हैं कि सचिन के 200 रनों के रिकॉर्ड को उन्होंने 3 बार अपने तरीके से तोड़ा है।
रोहित ने पहली बार 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में 209 रन की पारी खेली। फिर 2014 में श्रीलंका के खिलाफ इडेन गार्डन में 264 रनों का विशाल स्कोर बनाया जबकि 2017 में श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में 208 रन बनाए थे।
हिटमैन एक 264 रनों के रिकॉर्ड को आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है। रोहित-सचिन के आलावा वनडे में मार्टिन गुप्टिल: (237*), वीरेंद्र सहवाग: (219), क्रिस गेल: (215), फखर ज़मान: (210*), ईशान किशन: (210), पथुम निसांका: (210*), शुभमन गिल: (208), ग्लेन मैक्सवेल: (201*) ने दोहरा शतक जड़ा है।