

भुवनेश्वर कुमार, सुनील नरेन और जसप्रीत बुमराह इस सीजन में 200 विकेट का आंकड़ा छूने के बेहद करीब हैं।
भुवनेश्वर कुमार के नाम 198 विकेट हैं (सिर्फ 2 विकेट दूर), जबकि सुनील नरेन 192 विकेट के साथ 200 क्लब में पहुंचने से 8 विकेट दूर हैं।
IPL में अब तक सिर्फ युजवेंद्र चहल ही 200 से ज्यादा विकेट ले पाए हैं, लेकिन IPL 2026 में यह लिस्ट और लंबी हो सकती है।
सभी क्रिकेट फैंस को 28 मार्च का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि इस दिन IPL 2026 की शुरुआत होने जा रही है। इसमें भारत की ही नहीं बल्कि दुनिया भर के नामचीन क्रिकेटर्स शिरकत करते नज़र आएँगे। 19 वें सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना है। हर साल की तरह इस बार भी कई नए चेहरे इसमें नज़र आएँगे जबकि कई अनुभवी चेहरे धमाल मचाते दिखेंगे।
कई फैंस के मन में यह सवाल होगा कि क्या यह सीजन धोनी (Dhoni) आखिरी बार खेलेंगे जबकि कुछ के मन में यह सवाल होगा कि रोहित-विराट कितने शतक ठोकेंगे? इन सारी बातों के बीच आपको यह भी बता दें कि इस सीजन तीन ऐसे खिलाड़ी हैं, जो दोहरा शतक जड़ सकता हैं। आइये जानते हैं कौन हैं वो क्रिकेटर्स?
IPL के हर सीजन कोई ना कोई रिकॉर्ड्स बनते ही रहते हैं। टी20 क्रिकेट का खेल ही ऐसा है कि इसमें हर रोज एक नया रिकॉर्ड ही बनता है। अक्सर यह देखा गया है कि टी20 में बल्लेबाज ही ज्यादातर रिकॉर्ड बनाते हैं। IPL को ही ले लें, तो 2023 के सीजन में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने सबसे तेज अर्धशतक जड़ा था। उन्होंने मात्र 13 गेंदों में यह कारनामा किया था।
हालांकि, इस लीग में अब तक कोई बल्लेबाज दोहरा शतक नहीं जमा पाया है लेकिन टी20 क्रिकेट के इतिहास में कैरिबियाई खिलाड़ी रहकीम कॉर्नवाल एक ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने इस छोटे फॉर्मेट में दोहरा शतक भी जमाया है। उन्होंने एटलांटा टी20 लीग में नाबाद 205 रन ठोके थे। वहीं, IPL 2026 में भी इस बार दोहरा शतक लग सकता है लेकिन इस बार ये बल्लेबाज नहीं बल्कि गेंदबाज ऐसा कारनामा करेंगे। ये 3 खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar), सुनील नरेन (Sunil Narine) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) हैं।
अगर आप यह सोच रहे हैं कि भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar), सुनील नरेन (Sunil Narine) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) बल्ले से दोहरा शतक जड़ेंगे, तो आप गलत हैं। असल में ये तीनों खिलाड़ी IPL 2026 में गेंदबाजी में दोहरा शतक जमाएंगे। इन तीनों खिलाड़ियों के पास गेंदबाजी में 200 विकेट पूरा करना का मौका है। तीनों ही अपनी-अपनी टीम की गेंदबाजी का सबसे अहम हिस्सा हैं, ऐसे में इनके लिए कोई ज्यादा मुसीबत वाली बात भी नहीं है।
सबसे पहले भुवनेश्वर कुमार की बात करें तो RCB का यह तेज गेंदबाज IPL में 200 विकेट पूरे करने से महज 2 कदम दूर है। भुवी के नाम इस लीग में 190 मैचों में 198 विकेट दर्ज हैं और इस दौरान उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल भी लिया है। इसके आलावा सुनील नरेन के पास 200 विकेट पूरे करने के लिए 8 शिकार की जरूरत है। उनके नाम 189 मैचों में 192 विकेट दर्ज है। नरेन 7 पारी में 4 विकेट हॉल ले चुके हैं। इसके साथ ही जसप्रीत बुमराह के नाम 45 मैच में 183 शिकार हैं, उन्हें 200 का आंकड़ा छूने के लिए 17 विकेट की दरकार है। बुमराह ने 2 बार पारी में 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है।
आपको बता दें कि IPL में विकेट के जरिये 200 का आंकड़ा पार करने वाले गेंदबाजों में सिर्फ और सिर्फ युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) का नाम शुमार है। चहल के नाम इस लीग में 221 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने 172 पारियों में यह कारनामा किया है। इसके साथ ही 8 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है।
दूसरे नंबर पर भुवनेश्वर, तीसरे पर सुनील नरेन, चौथे पर पीयूष चावला और पांचवें पर अश्विन हैं। चावला के नाम 192 और अश्विन के नाम 187 विकेट दर्ज हैं। पीयूष और अश्विन संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में छठे पायदान पर रहने वाले बुमराह के लिए ज्यादा मशक्कत करने की जरूरत नहीं है।