

टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब खत्म हो चुका है। भारत इस बार का विजेता रहा। अब इसके बाद सभी दोस्त जो साथ में वर्ल्ड कप खेले होंगे, उनमें से कुछ अब एक दूसरे के खिलाफ खेलते नज़र आएँगे। मतलब पूरा भाई चारा खत्म और फैंस का इसको बेसब्री से इंतजार है क्योंकि 28 मार्च से IPL 2026 की शुरुआत होने वाली है।
सभी टीमों के साथ फैंस ने भी अपनी कमर कस ली है। तैयारी पूरी है और देखना होगा कि इस बार कौन सी टीम विजेता बनेगी? हालांकि, इसी बीच IPL की एक फ्रेंचाइजी को करारा झटका लगा है। इस टीम का एक तेज गेंदबाज चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। आइये जानते हैं, कौन है वो खिलाड़ी?
IPL 2026 की शुरुआत होने में अब महज 13 दिन का समय रह गया है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पिछली बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स (RCB) और और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना है। इस बार के ऑक्शन में भी हर टीम ने कई खिलाड़ियों पर दांव लगाया है और बेहतरीन खिलाड़ियों को अपने तरफ करने की कोशिश की है।
इसी बीच खबर IPL की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाईट राइडर्स की ओर से एक बुरी खबर सामने आई है। खबर फैंस के लिए अच्छी नहीं है क्योंकि टीम का एक तेज गेंदबाज चोटिल हो गया है, जिसके कारण इस टीम की गेंदबाजी थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) हैं, जिन्हें चोट के कारण IPL 2026 से नाम वापस लेना पड़ा है।
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले 6 फ़रवरी को साऊथ अफ्रीका के साथ भारत का वार्म-अप मैच था जहाँ हर्षित राणा (Harshit Rana) अपना घुटना चोटिल करवा बैठे थे। वार्म-अप मुकाबले के दौरान सिर्फ एक ओवर फेंकने के बाद उन्हें घुटने को पकड़कर लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते देखा गया। इसके बाद वो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। अब इसी बीच यह खबर है कि वो IPL 2026 से भी बाहर हो गए हैं। ऐसे में यह कोलकाता के लिए बहुत ही ज्यादा बुरी खबर है।
बता दें कि इस टीम के पास अब पथिराना, उमरान मलिक, वैभव अरोड़ा, आकाश दीप और कार्तिक त्यागी जैसे तेज गेंदबाज हैं। हर्षित कोलकाता के अहम गेंदबाजों में से एक हैं जिन्होंने 34 IPL मैचों में 40 विकेट हासिल किये हैं।
हालांकि, इस सीजन से बाहर होने के बाद भी हर्षित (Harshit Rana) को 4 करोड़ मिलेंगे। यह पैसे KKR से नहीं बल्कि BCCI से मिलेंगे। BCCI के नियम के मुताबिक अगर सेंट्रल करार के तहत आने वाले किसी खिलाड़ी को चोट लगती है और वो पूरे सीजन से बाहर होता है तो फिर उसे पूरी सैलरी मिलेगी। यह नियम साल 2011 से लागू है।
आपको बता दें कि टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले KKR ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी (Blessing Muzarabani) को टीम में शामिल किया है। मुजारबानी का प्रदर्शन हाल ही खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा था। उन्होंने टूर्नामेंट में खेले 6 मुकाबलों में 13 विकेट निकाले थे। उनके पास टी20 का काफी अनुभव है।
वह जिम्बाब्वे की ओर से अब तक कुल 89 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 106 विकेट लिए हैं। मुजारबानी का क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में गेंदबाजी इकोनॉमी भी 7.24 का रहा है।
KKR फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम में शामिल करने पर कहा, "6 फीट 8 इंच लंबे ब्लेसिंग मुजारबानी ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह अपनी तेज उछाल और पारी के अहम मौकों पर विकेट लेने की काबिलियत के लिए जाने जाते हैं।"
ब्लेसिंग मुजारबानी (Blessing Muzarabani) 17 मार्च को कोलकाता पहुंचकर टीम से जुड़ेंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज के आने से टीम का गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत दिखाई दे रहा है।
मुजारबानी को पाकिस्तान सुपर लीग में शमर जोसेफ की जगह पर इस्लामाबाद यूनाइटेड टीम ने साइन किया था, हालांकि आईपीएल में मौका मिलने के कारण उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम वापस ले लिया है। ब्लेसिंग मुजारबानी आईपीएल 2025 में चैंपियन बनी आरसीबी टीम का हिस्सा रहे थे, हालांकि उन्हें कोई भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।