
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल की सत्ता की चाबी किसके हाथ होगी? इसका फैसला करने के लिए आज एक बार फिर राज्य की जनता पोलिंग बूथों का रुख कर रही है। पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग ने यह साफ कर दिया है कि बंगाल की जनता में इस बार जबरदस्त उत्साह है। पहले चरण में करींब 92% मतदान हुए थे। अब सबकी नजरें आज यानी 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर टिकी हैं।
आज दूसरे चरण में बंगाल (West Bengal Election 2026) की 142 महत्वपूर्ण सीटों पर मतदान हो रहा है। ये सीटें रणनीतिक रूप से बेहद अहम हैं क्योंकि इनमें दक्षिण बंगाल के कुछ सबसे चर्चित इलाके शामिल हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जो लोकतंत्र की एक खूबसूरत तस्वीर पेश कर रही हैं।
इस चरण (West Bengal Election 2026) में कोलकाता, हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना जैसे जिलों की कई 'हॉट सीट्स' पर मतदान है। वहीं, प्रमुख उम्मीदवारों की बात करें तो रायगंज से TMC के कृष्ण कल्याणी और बीजेपी के कार्तिक पॉल के बीच सीधा मुकाबला है।
बालुरघाट से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार उम्मीदवार के तौर पर हैं और उनके सामने टीएमसी के बिप्लब मित्र हैं। इसके साथ ही उत्तर बंगाल में दार्जीलिंग से राजू बिस्ता (BJP) और गोपाल लामा (TMC) आमने सामने हैं। हावड़ा और कोलकाता में भी बीजेपी और TMC के बीच ही कड़ी टक्कर है।
हुगली और हावड़ा की बात करें, तो बीजेपी अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश में है, जबकि टीएमसी अपने इस मजबूत किले को बचाने में जुटी है। साथ ही कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला भी हो सकता है।
सबसे बड़ा हॉटसीट भवानीपुर रहने वाला है क्योंकि यहाँ ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी की सीधी टक्कर होने वाली है।
पहले चरण (West Bengal Election 2026) में हुई हिंसा को देखते हुए इस बार सुरक्षा के और भी कड़े इंतजाम किये गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें हैं। वहीं, गर्मियों को देखते हुए, चुनाव आयोग ने हर बूथ पर पीने के पानी का भी इंतजाम कर रखा है। ऐसे में चुनाव से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर के लिए हमारे इस लाइव ब्लॉग को रिफ्रेश करते रहें।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। सभी इलाकों में पैरामिलिट्री फ़ोर्स तैनात किए गए हैं, जिसमें केंद्रीय फ़ोर्स की 2,343 कंपनियाँ शामिल हैं। दूसरे चरण के लिए 142 जनरल ऑब्ज़र्वर, 95 पुलिस ऑब्ज़र्वर और 100 खर्च ऑब्ज़र्वर ड्यूटी पर हैं। वहीं कोलकाता में कड़ी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय फ़ोर्स की 274 कंपनियाँ तैनात की गई हैं, एवं सभी पोलिंग बूथों की निगरानी ड्रोन की मदद से की जा रही है।
आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 का दूसरा चरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे रिकॉर्ड संख्या में अपने मत का प्रयोग करें, ताकि लोकतंत्र को और अधिक जीवंत और सहभागी बनाया जा सके। विशेष रूप से, यह जरूरी है कि पश्चिम बंगाल की नारी शक्ति और युवा शक्ति बड़ी संख्या में बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
पश्चिम बंगाल में भटपारा विधानसभा सीट से BJP के उम्मीदवार पवन सिंह ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण रहा और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने की उम्मीद जताई।
कोलकाता में दूसरे चरण का मतदान जारी है। इसी बीच BJP की महिला नेता ने TMC की महिला एजेंट को पोलिंग बूथ से निकाला बाहर। झड़प की वजह से कतार में खड़े मतदाताओं को वोटिंग के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के मतदान से पहले नादिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ एजेंट पर कथित रूप से जानलेवा हमला हुआ है। भाजपा के प्रत्याशी सैकत सरकार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि बंदूक की बट, लाठी और रॉड से भाजपा बूथ एजेंट को पीटा गया है, जिसमें उसे सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
TMC सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर स्थित मित्रा इंस्टीट्यूट में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद अभिषेक ने पोज़ देते हुए जीत का निशान दिखाया। अभिषेक बनर्जी TMC के कद्दावर नेताओं में से एक हैं। भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं।
सोनारपुर दक्षिण विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली अपना वोट डालने के लिए राजेंद्र शिक्षा सदन गर्ल्स हाई स्कूल पहुंचीं। वोटिंग के बाद रूपा गांगुली ने कहा, "इस बार सभी लोग सुबह-सुबह ही आ गए हैं। यह मतदान बहुत ही महत्वपूर्ण होने वाला है।"
TMC सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर में अपना वोट डालने के बाद यह दावा किया कि भाजपा मात्र 50 सीट पर सिमटकर रह जाएगी। अभिषेक बनर्जी TMC के कद्दावर नेताओं में से एक हैं। TMC के चुनाव प्रचार की कमान अभिषेक बनर्जी ने संभाल रखा है।
पश्चिम बंगाल चुनाव-2026 के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक 18.39 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं में वोट के लिए उत्साह देखा जा रहा है।
पश्चिम बंगाल में बसंती विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार विकास सरदार ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर हमला किया। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है लेकिन राज्य में अजीब तरीके से तनाव का माहौल देखने को मिल रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार मतदाताओं के बीच अलग तरीके का जोश देखने को मिल रहा है। 11 बजे तक 39.97 प्रतिशत मतदान हो चुका है। कुछ जगहों पर हिंसक झड़प भी देखने को मिले हैं, इसके बावजूद मतदान जारी है।
फाल्टा घटना पर नेता प्रतिपक्ष और भवानीपुर तथा नंदीग्राम से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हम भी इस पर नज़र रख रहे हैं और जो ज़रूरी होगा, वह करेंगे। चुनाव आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। अगर चीज़ें इसी तरह चलती रहीं, तो जो ज़रूरी कदम होंगे, वे उठाए जाएंगे। मैं उम्मीदवार से इस बारे में बात करूंगा। भूपेंद्र यादव जी ने मुझे सुबह 9 बजे फोन किया था। मैंने उन्हें स्थिति से अवगत कराया। अभी कुछ ही मिनट पहले, गृह मंत्री और मेरे नेता अमित शाह जी ने मुझे फोन किया। मैंने उन्हें फाल्टा घटना के बारे में बताया। यह TMC की एक चाल है। हम कार्रवाई कर रहे हैं। अभी तक कुछ भी नहीं हुआ है। 35 प्रतिशत मतदान हो चुका है; अभी बहुत कुछ होना बाकी है।
दिल्ली में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरों पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। ममता बनर्जी इन हथकंडों से बंगाल की जनता के जनादेश को रोक नहीं पाएंगी।
RG Kar मेडिकल कॉलेज में रेप और हत्या की शिकार छात्रा की माँ और पानीहाटी सीट से BJP उम्मीदवार, रत्ना देबनाथ ने कहा कि TMC के गुंडे जिन्होंने मुझ पर हमला करने की कोशिश की, वे मुझे गालियाँ दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं अपनी बेटी के नाम पर धंधा कर रही हूँ। उन्होंने मेरे साथ बदतमीज़ी की और कहा कि वे 4 मई को मुझसे निपटेंगे। मैंने पुलिस से शिकायत की और उनकी गिरफ़्तारी की माँग की, लेकिन पुलिस ने मुझसे वहाँ से चले जाने को कहा। मैंने उनसे कहा कि वे मेरे मुख्य चुनाव एजेंट को मेरे साथ रहने दें, लेकिन उन्होंने इसकी इजाज़त नहीं दी। जब मैंने पुलिस स्टेशन में शिकायत की, तो वे आए और वहाँ मौजूद TMC के सभी कार्यकर्ताओं को हटा दिया।
आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में रेप और हत्या की शिकार छात्रा के पिता शेखररंजन देबनाथ ने कहा कि जब हम वहां से गुज़र रहे थे, तो रास्ते में बाइक पर सवार TMC के गुंडे मौजूद थे। उन्होंने हमारे खिलाफ नारे भी लगाए। वे अपने साथ TMC के और भी कई गुंडों को ले आए और हम पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें (TMC कार्यकर्ताओं को) वहां से नहीं हटाया, बल्कि हमसे ही उस जगह से चले जाने को कहा। वे यह सब इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वे हमसे डरे हुए हैं।
पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि ईवीएम पर पार्टी के विकल्प वाली बटन को ब्लॉक किया गया, जिससे वोटर अपना पसंदीदा उम्मीदवार चुनने से वंचित हो गए। भाजपा ने चुनाव आयोग से घटना पर संज्ञान लेने की अपील की है।
भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कई वीडियो शेयर किए। इन वीडियो में भाजपा के चिन्ह के सामने की बटन को ब्लॉक किया गया था। वीडियो बना रहे व्यक्ति चुनाव कर्मचारियों से शिकायत करते हुए नजर आए। उन्होंने दावा किया फाल्टा के हरिणडांगा हाई स्कूल में बने मतदान केंद्र के कमरा नंबर दो और बूथ-189 पर मतदान प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही कई अन्य बूथ भी हैं।
This is what Mamata Banerjee was defending when she spoke up for Jehangir Khan, a criminal contesting on a TMC ticket from Falta in Diamond Harbour.
— Amit Malviya (@amitmalviya) April 29, 2026
In several polling booths, the option to vote for the BJP has been blocked using a tape, effectively preventing voters from… pic.twitter.com/sKw3mcdA86
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान चल रहा है। टीएमसी की पूर्व सांसद और लोकप्रिय अभिनेत्री नुसरत जहां ने कोलकाता के डायमंड सिटी साउथ अपार्टमेंट स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस दौरान नुसरत जहां ने कहा कि सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की खूबसूरती है कि जनता बढ़-चढ़कर इस बार मतदान कर रही है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहा है और कहीं से कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं आ रही है। जो लोग अभी तक घर से नहीं निकले हैं, उनसे मेरा अनुरोध है कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करें।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में बंपर वोटिंग देखने को मिली है। दोपहर 1:00 बजे तक मतदान प्रतिशत सामने आ गया है। उस दौरान 61.11% मतदान दर्ज किया गया है।
नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर में पहुंचे थे। वहां वो एक पोलिंग बूथ का इंस्पेक्शन कर रहे थे। जैसे ही वो वहां पहुंचे TMC समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और "जय बंगाल" के नारे लगाने लगे।
सुवेंदु अधिकारी और TMC कायर्कर्ताओं के बीच झड़प, TMC कायर्कर्ताओं ने उन्हें भवानीपुर में दौड़ा दिया #tmc #westbengal #westbengalelection2026 #TMCvsBJP #SuvenduAdhikari pic.twitter.com/v4yq2iRZdv
— NewsGram Hindi (@NewsGramHindi) April 29, 2026
पश्चिम बंगाल चुनावों 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में लोग जमकर वोटिंग कर रहे हैं। दोपहर 3 बजे तक लगभग 78.68% मतदान दर्ज किया गया।
भवानीपुर से TMC उम्मीदवार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि कल रात से ही उन्होंने ज़ुल्म ढाना शुरू कर दिया है, और उन्होंने हमारे बहुत से लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है। यह अदालत की अवमानना है। मैंने इस तरह का लोकतंत्र पहले कभी नहीं देखा। तृणमूल जीत रही है। CRPF इस तरह से ज़ुल्म नहीं कर सकती। किसी भी बूथ पर राज्य पुलिस मौजूद नहीं है। उन्होंने हर जगह कब्ज़ा कर लिया है। उन्हें सीमा की सुरक्षा करनी चाहिए। ऐसा करने के बजाय, वे एक राजनीतिक पार्टी की सुरक्षा कर रहे हैं। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। मैं 1984 से चुनाव लड़ रहा हूँ, लेकिन इस बार के ज़ुल्म बहुत ही भयानक हैं।
कल्याणी विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार अनुपम बिस्वास ने कहा कि TMC अब खत्म हो चुकी है। यह अतीत की पार्टी है। पश्चिम बंगाल में BJP भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में इस बार भी बंपर वोटिंग देखने को मिली है। शाम 5:00 बजे तक 89.99% मतदान दर्ज किया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में इस बार भी बंपर वोटिंग देखने को मिली है। दूसरे चरण में मतदान का प्रतिशत 91.80 रहा।
Axis My India के मुताबिक राज्य में बीजेपी को 88 से 100 के बीच सीट मिलती नज़र आ रही है। ऐसे में यहाँ बीजेपी की सरकार बन सकती है। वहीं, कांग्रेस को 24 से 36 सीट मिलने का अनुमान है।
मैट्रिक्स एग्जिट पोल के हिसाब से राज्य में बीजेपी की सरकार बन रही है। कुल 294 सीटों पर हुए चुनाव पर बीजेपी को 146 से 161 सीट मिलने का अनुमान है। टीएमसी को 125 से 140 सीट मिलती नज़र आ रही है जबकि अन्य को 6 से 10 के बीच सीट मिल सकती है।
P Matrize और People's Pulse ने अपना एक्जिट पोल जारी किया है। People's Pulse के अनुसार राज्य में DMK को 125 से 145 सीट मिलने का अनुमान है। NDA को 60 से 80 के बीच, TVK को 18 से 24 के बीच जबकि अन्य को 2 से 6 के बीच सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, P Matrize ने DMK को 122 से 132 सीटें दी हैं। NDA को 87 से 100, TVK को 10 से 12 जबकि अन्य को 0 से 6 सीट दी है।
VoteVibe के मुताबिक केरलम में कांग्रेस के गठबंधन वाली UDF की वापसी हो रही है। इन्हें 79 से 80 सीट मिलने का अनुमान है जबकि LDF को 58 से 68 सीट मिल सकती है। वहीं, NDA को 0 से 4 सीट मिलने का अनुमान है।
People's Pulse के मुताबिक पुदुचेरी में फिर NDA की सरकार आ रही है। इस पोल के मुताबिक राज्य में NDA को 16 से 19 सीट मिल सकती है। कांग्रेस को 10 से 12 सीट मिलने का अनुमान है जबकि अन्य को 1 से 2 सीट मिल सकती है।