आईईवीपी 2026: भारतीय चुनावों पर विश्व की निगाहें, 22 देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने की सराहना

भारत निर्वाचन आयोग ने बताया कि केरल, पुडुचेरी और असम में हाल ही संपन्न हुए विधानसभा चुनावों ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है, क्योंकि 22 देशों के 38 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भारतीय चुनाव आयोग के इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (आईईवीपी) 2026 के तहत देश की चुनावी प्रक्रिया की व्यापकता, सटीकता और जीवंतता को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
आईईवीपी 2026: भारतीय चुनावों पर विश्व की निगाहें, 22 देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने की सराहना
आईईवीपी 2026: भारतीय चुनावों पर विश्व की निगाहें, 22 देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने की सराहनाIANS
Published on

भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने बताया कि केरल, पुडुचेरी और असम में हाल ही संपन्न हुए विधानसभा चुनावों ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है, क्योंकि 22 देशों के 38 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भारतीय चुनाव आयोग के इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (आईईवीपी) 2026 के तहत देश की चुनावी प्रक्रिया की व्यापकता, सटीकता और जीवंतता को प्रत्यक्ष रूप से देखा।

प्रतिनिधियों ने इस अनुभव को 'लोकतंत्र का सच्चा उत्सव' बताते हुए चुनाव आयोग द्वारा रिकॉर्ड तोड़ मतदाता भागीदारी, सावधानीपूर्वक योजना और सुचारू रूप से मतदान का संचालन करने की सराहना की। क्रोएशिया के पूर्व राजनयिक ब्रानिमीर फरकास ने कहा, “भारतीय मतदान, यह पूरी दुनिया के लिए लोकतंत्र का सच्चा उत्सव है... मेरे लिए सबसे अधिक प्रभावशाली बात लोगों का मतदान के प्रति उत्साह है। हम इस प्रक्रिया से सीख सकते हैं। यह एक बड़ी प्रक्रिया है और इसे सही ढंग से संपन्न किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों (International Representatives) ने असम, केरल और पुडुचेरी की अपनी दो दिवसीय यात्रा (8-9 अप्रैल) की शुरुआत वितरण केंद्रों का दौरा करके की, जहां उन्होंने सुनियोजित रसद और स्थापित मानक प्रक्रियाओं के माध्यम से मतदान दलों और चुनाव सामग्री की व्यवस्थित आवाजाही देखी। प्रतिनिधिमंडलों ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और राज्य पुलिस नोडल अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बातचीत की। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के कार्यालयों में मतदान केंद्रों की 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की निगरानी के लिए स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्षों का भी दौरा किया और उन्हें 'पारदर्शिता का एक मजबूत स्तंभ' बताया।

मेक्सिको के उउक-कब एस्पादास एनकोना ने कहा, "भारत में चुनाव प्रक्रिया निश्चित रूप से सीखने का एक स्रोत है।" मतदान के दिन सुबह प्रतिनिधिमंडलों ने मॉक पोलिंग का अवलोकन किया। इसके बाद, इन 22 देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने वास्तविक मतदान प्रक्रिया को देखने के लिए अलग-अलग असम (कामरूप मेट्रो और कामरूप ग्रामीण), केरल (कोच्चि और तिरुवनंतपुरम) और पुडुचेरी के मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, स्वयंसेवक और शिशु देखभाल सुविधाओं सहित समावेशी, सहभागी और सुलभ सुविधाओं के लिए सराहना की, साथ ही महिलाओं और दिव्यांगजनों द्वारा संचालित विशेष मतदान केंद्रों की भी प्रशंसा की।

केन्या के महिमा अराफात अब्दुल्ला ने कहा कि हम मतदान केंद्रों के आयोजन से बहुत प्रभावित हैं, सुविधाएं बहुत अच्छी तरह से तैयार की गई हैं। सिएरा लियोन के अबू बकर मोहम्मद कोरोना ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ चुनावी प्रक्रियाओं को प्रदर्शित किया गया। ईवीएम का उपयोग, हमने जो कुछ सीखा है, उसे वापस जाकर लागू कर सकेंगे। यह एक उत्सव जैसा है, यही उत्साह होना चाहिए।

सुचारू रूप से मतदान संपन्न होने और भारी मतदान से आगंतुक दल पर गहरा प्रभाव पड़ा। उन्होंने चुनाव प्रबंधन के पैमाने और भव्यता को देखने का अवसर देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया और पारदर्शिता, समावेशिता और उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम-आईईवीपी (International Election Visitors Program) भारतीय चुनाव आयोग की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य चुनाव प्रबंधन निकायों (ईएमबी) और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग और जुड़ाव को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम भारत के चुनावी ढांचे, संस्थागत तंत्र और परिचालन संरचना का व्यापक अवलोकन प्रदान करता है, साथ ही प्रतिनिधियों को चुनाव प्रबंधन में सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों से परिचित कराता है।

[VT]

Also read:

आईईवीपी 2026: भारतीय चुनावों पर विश्व की निगाहें, 22 देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने की सराहना
Assembly Election 2026: असम, केरल, पुडुचेरी में मतदान खत्म, जानें चुनावी दिन की 10 बड़ी बातें

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

Related Stories

No stories found.
logo
www.newsgram.in