उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की जयंती पर केंद्रीय मंत्री गडकरी और मुख्यमंत्रियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शहनाई के सम्राट भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की जयंती पर केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता को सशक्त करने में उनका योगदान अतुलनीय है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "शहनाई के जादूगर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला ख़ाँ की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।"
केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "संगीत के अनन्य सेवक, महान शहनाई वादक, 'भारत रत्न' उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूँ! शहनाई आपके बिना अधूरी है, इसकी मीठी धुन सदैव आपकी स्मृतियों को हम सबके हृदय में अक्षुण्ण बनाए रखेगी।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने वाले शहनाई के महान साधक ‘भारत रत्न’ उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। संगीत के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव को सशक्त करने में उनका योगदान अतुलनीय है। उनकी कला और साधना सदैव प्रेरणा देती रहेगी।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "'भारत रत्न' उस्ताद बिस्मिल्लाह खान काशी और देश की सांस्कृतिक चेतना के जीवंत स्वर थे। उन्होंने शहनाई जैसे लोक वाद्य को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित कर भारत की समृद्ध संगीत विरासत को नई पहचान दिलाई। आज जयंती पर उन्हें सादर नमन करता हूं।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक गौरव दिलाने वाले 'भारत रत्न' उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। अपने शहनाई वादन से उन्होंने भारतीय संस्कृति और साझा विरासत को समृद्ध किया। कला के प्रति उनकी निष्ठा और सादगी हमारे संगीत जगत के लिए अमूल्य निधि हैं।"
शहनाई के सम्राट भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने दुनिया को अपनी शहनाई की धुन से मुरीद किया था। शहनाई को ग्लोबल स्टेज पर ले जाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है। भारतीय संगीत में उनके योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न का सम्मान भी मिला था। उस्ताद बिस्मिल्लाह खां का जन्म 21 मार्च 1916 को बिहार के डुमरांव में हुआ था। भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां जब तक रहे, बाबा विश्वनाथ को शहनाई बजाकर जगाया करते थे।
(MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

