

दार्जिलिंग एक ऐसी जगह, जहां पहुंचते ही ऐसा लगता है जैसे आप किसी खूबसूरत सपने में आ गए हों। दार्जिलिंग (Darjeeling) को “पहाड़ों की रानी” यूं ही नहीं कहा जाता यहां की हर वादी, हर मोड़ और हर नज़ारा दिल को छू जाता है। सुबह होते ही बादलों की हल्की चादर पहाड़ों को ढक लेती है, और जैसे ही सूरज की किरणें निकलती हैं, पूरा माहौल सुनहरी रोशनी से जगमगा उठता है। दूर खड़ी कंचनजंगा (Kanchenjunga) की बर्फीली चोटियां इस नज़ारे को और भी खास बना देती हैं। टॉय ट्रेन की धीमी सीटी, चाय के बागानों की खुशबू और ठंडी हवा का एहसास यहां हर पल को यादगार बना देता है। अगर आप सुकून, रोमांच और खूबसूरती का एक साथ अनुभव करना चाहते हैं, तो दार्जिलिंग की ये 4 दिन की यात्रा आपके लिए एक परफेक्ट मौका है।
दार्जिलिंग पहुंचने के लिए आप पहले सिलीगुड़ी या न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन (Siliguri or New Jalpaiguri Railway Station) तक ट्रेन से आ सकते हैं। इसके अलावा बागडोगरा एयरपोर्ट सबसे नजदीकी एयरपोर्ट है। यहां से टैक्सी या शेयर कैब लेकर करीब 2 - 3 घंटे में आप खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसे दार्जिलिंग पहुंच सकते हैं।
होटल में चेक-इन करके थोड़ी देर आराम करें और फिर अपनी यात्रा की शुरुआत माल रोड (Mall Road) से करें। यहां का माहौल बहुत ही जीवंत और खुशनुमा होता है, जहां आप आराम से टहलते हुए शॉपिंग का मजा ले सकते हैं। इसके बाद चौरास्ता (Chowrasta) जाएं, जो दार्जिलिंग का दिल माना जाता है। यहां बैठकर ठंडी हवा के साथ पहाड़ों के खूबसूरत नज़ारों का आनंद लें और कभी-कभी स्थानीय कलाकारों की झलक भी देखने को मिल जाती है। शाम को किसी प्यारे से कैफे में बैठकर गरमा-गरम चाय की चुस्कियों के साथ दिन को खत्म करें। पहला दिन हल्का और सुकून भरा रखें, ताकि आगे की यात्रा और भी मजेदार बन सके।
दूसरे दिन की शुरुआत बहुत खास होने वाली है, इसलिए सुबह जल्दी उठकर टाइगर हिल (Tiger Hill) के लिए निकलें। यहां से सूर्योदय का नज़ारा इतना शानदार होता है कि आप उसे कभी भूल नहीं पाएंगे। जैसे ही सूरज की पहली किरणें कंचनजंगा (Kanchenjunga) की बर्फीली चोटियों पर पड़ती हैं, पूरा आसमान और पहाड़ सुनहरे रंग में चमक उठते हैं यह पल सच में जादुई लगता है।
इसके बाद बटासिया लूप (Batasia Loop) जाएं, जहां टॉय ट्रेन का खूबसूरत घुमावदार ट्रैक और चारों ओर फैले पहाड़ मन मोह लेते हैं। यहां कुछ समय बिताकर फोटो लेना न भूलें। फिर घूम मठ (Ghoom Monastery) जाएं, जहां का शांत वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा आपको अंदर से सुकून देती है। दिनभर की इन खूबसूरत जगहों को देखने के बाद शाम को होटल लौटें, थोड़ा आराम करें और इस यादगार दिन की खूबसूरत झलकियों को महसूस करें।
तीसरे दिन आप दार्जिलिंग की असली खूबसूरती और संस्कृति को करीब से महसूस करेंगे। दिन की शुरुआत पद्मजा नायडू हिमालयन जूलॉजिकल पार्क (Padmaja Naidu Himalayan Zoological Park) से करें, जहां आपको दुर्लभ हिमालयी जानवर जैसे रेड पांडा और स्नो लेपर्ड देखने को मिल सकते हैं। यहां का शांत वातावरण और हरियाली आपको प्रकृति के और करीब ले जाती है। इसके बाद पास में ही स्थित हिमालय पर्वतारोहण संस्थान (Himalayan Mountaineering Institute) जाएं, जहां आपको पर्वतारोहण की दुनिया से जुड़ी रोचक जानकारियां मिलेंगी। यह जगह एडवेंचर पसंद लोगों के लिए बेहद खास है।
फिर दार्जिलिंग के प्रसिद्ध चाय बागान (Tea Garden) की ओर बढ़ें, जहां दूर-दूर तक फैली हरियाली और चाय की खुशबू आपका दिल खुश कर देगी। यहां आप जान सकते हैं कि चाय कैसे तैयार होती है और ताजा चाय का स्वाद भी ले सकते हैं। शाम को किसी अच्छे रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट खाना खाकर इस खूबसूरत दिन को यादगार बनाएं।
दार्जिलिंग का आखिरी दिन सुकून और हल्के एडवेंचर के नाम करें। सुबह-सुबह रॉक गार्डन (Rock Garden) के लिए निकलें, जहां पहाड़ों के बीच बहते झरने और हरियाली एक अलग ही ताजगी का एहसास कराते हैं। यहां की ठंडी हवा और पानी की मधुर आवाज मन को पूरी तरह रिलैक्स कर देती है। आप यहां कुछ समय शांति से बिताएं और खूबसूरत फोटो भी क्लिक करें| इसके बाद जापानी शांति पैगोडा (Japanese Peace Pagoda) जाएं, जो शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भरी जगह है। यहां का माहौल इतना सुकून भरा होता है कि कुछ देर बैठकर ध्यान करने का मन खुद ही करने लगता है।
वापस लौटते समय स्थानीय बाजारों में घूमना न भूलें - यहां से आप दार्जिलिंग की खास चाय और छोटी-छोटी यादगार चीजें खरीद सकते हैं। इस तरह आपकी यात्रा खूबसूरत यादों के साथ एक प्यारे अंत तक पहुंचती है। [SP/MK]