

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य की 142 सीटों पर जारी इस चरण की वोटिंग के दौरान सुबह से ही कई इलाकों में लंबी कतारें नजर आ रही है।
कोलकाता के इंग्लिश एकेडमी मतदान केंद्र पर भी लोग बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे। इस दौरान एक मतदाता ने बताया, "मैंने 10 साल बाद वोट डाला है।"
कल्याणी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कटागंज स्थित गोकुलपुर आदर्श शिक्षायतन हाई स्कूल में मतदाताओं की लंबी लाइन देखी गई। लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
वहीं, बुदबुद इलाके में भी सुबह-सुबह जबरदस्त मतदान हुआ। 274 गलसी विधानसभा क्षेत्र के तहत बुदबुद महाकाली हाई स्कूल और बुदबुद हिंदी हाई स्कूल में मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
कोलकाता में कई स्थानीय लोगों ने अपनी चिंताएं भी जाहिर कीं। एक मतदाता ने कहा कि विकास सबसे बड़ा मुद्दा है। युवाओं के लिए रोजगार नहीं है और विकास की रफ्तार धीमी है। जब हम दूसरे शहरों और राज्यों से तुलना करते हैं, तो पश्चिम बंगाल पीछे नजर आता है।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि यहां उद्योग लगने चाहिए ताकि युवाओं को यहीं काम मिल सके, वरना सभी लोग बेहतर अवसरों के लिए बाहर जा रहे हैं।
एक स्थानीय मतदाता ने उम्मीद जताई कि पश्चिम बंगाल में सकारात्मक बदलाव आना चाहिए। जो भी पार्टी सत्ता में आए, उसे राज्य के विकास के लिए काम करना चाहिए।
मतदान प्रक्रिया को लेकर संतोष भी देखने को मिला। एक बुजुर्ग महिला ने वोट डालने के बाद कहा, "मैंने अच्छे से मतदान किया और किसी को कोई परेशानी नहीं हुई।"
वहीं, एक अन्य वरिष्ठ नागरिक ने भी कहा कि मतदान के दौरान सब कुछ ठीक रहा और किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आई। (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)