हॉन्टेड प्लेसस (Haunted Places)
हॉन्टेड प्लेसस (Haunted Places) Sora Ai

दिल्ली से राजस्थान तक…भारत की 7 जगहें जहाँ आज भी भटकती हैं आत्माओं की कहानियाँ, हॉन्टेड जगहों में दर्ज है नाम

क्या आपने कभी ऐसी जगह के बारे में सुना है जहाँ सूर्य ढलते ही सन्नाटा छा जाता है, अजीब-सी आवाजें सुनाई देने लगती हैं और लोग वहाँ जाने से भी डरते हैं? भारत में कुछ ऐसी ही रहस्यमयी जगहें मौजूद हैं, जिनके बारे में कहा जाता है कि वहाँ आज भी अनजानी शक्तियों का साया है।
Published on

क्या आपने कभी ऐसी जगह के बारे में सुना है जहाँ सूर्य ढलते ही सन्नाटा छा जाता है, अजीब-सी आवाजें सुनाई देने लगती हैं और लोग वहाँ जाने से भी डरते हैं? भारत में कुछ ऐसी ही रहस्यमयी जगहें मौजूद हैं, जिनके बारे में कहा जाता है कि वहाँ आज भी अनजानी शक्तियों का साया है। कई लोगों ने इन जगहों पर अजीब घटनाएँ महसूस करने का दावा किया है कहीं कदमों की आवाज, तो कहीं अचानक ठंडी हवा का झोंका। इन रहस्यमयी किस्सों और डरावनी कहानियों के कारण ये स्थान हॉन्टेड प्लेसस (Haunted Places) के नाम से मशहूर हो गए हैं। आइए जानते हैं भारत की 7 ऐसी जगहों के बारे में, जहाँ जाना कई लोगों के लिए किसी खतरे से कम नहीं माना जाता।

1.भानगढ़ किला: तांत्रिक के श्राप से बना भारत का सबसे डरावना किला

भानगढ़ किला भारत की सबसे डरावनी जगहों में गिना जाता है। कहा जाता है कि यहाँ एक तांत्रिक सिंहिया राजकुमारी रत्नावती से प्रेम करता था और उसने जादू से उसे वश में करने की कोशिश की। राजकुमारी को यह पता चल गया और उसने उस जादू को नष्ट कर दिया। मरते समय तांत्रिक ने पूरे शहर को श्राप दे दिया कि यहाँ कोई भी नहीं बस पाएगा। इसके बाद यह पूरा इलाका उजड़ गया। आज भी इस किले में सूर्यास्त के बाद प्रवेश करने की अनुमति नहीं है और कई लोग यहाँ अजीब आवाजें और परछाइयाँ देखने का दावा भी करते हैं।

2.कुलधरा का डरावना सच: जहाँ आज भी बसने से डरते हैं लोग

कुलधरा राजस्थान का एक रहस्यमयी और सुनसान गाँव है। लगभग 200 साल पहले यह पालीवाल ब्राह्मणों का समृद्ध गाँव था। लोककथा के अनुसार उस समय के मंत्री सलीम सिंह गाँव के मुखिया की बेटी से जबरन शादी करना चाहता था। अपनी इज्जत बचाने के लिए एक ही रात में पूरे गाँव के लोग यहाँ से चले गए। जाते समय उन्होंने गाँव को श्राप दिया कि यहाँ फिर कभी कोई बस नहीं पाएगा। तभी से यह गाँव वीरान पड़ा है और कई लोग यहाँ अजीब गतिविधियाँ महसूस करने की बात कहते हैं।

3.शनिवार वाड़ा का रहस्य: जहाँ आज भी गूंजती है “काका, मला वाचवा” की आवाज

शनिवार वाड़ा मराठा साम्राज्य का प्रसिद्ध किला था, लेकिन इसकी पहचान एक दुखद घटना से भी जुड़ी है। वर्ष 1773 में यहाँ युवा पेशवा नारायणराव की हत्या कर दी गई थी। कहा जाता है कि मरते समय वह चिल्ला रहे थे “काका, मला वाचवा!” यानी “चाचा मुझे बचाओ।” स्थानीय लोगों का दावा है कि आज भी पूर्णिमा की रात इस किले से वही आवाज सुनाई देती है। इसी वजह से कई लोग इसे भारत की सबसे डरावनी जगहों में से एक मानते हैं और रात में यहाँ जाने से बचते हैं।

4.डाउ हिल: दार्जिलिंग की वो जगह जहाँ आज भी सुनाई देती हैं अजीब आवाजें

डाउ हिल दार्जिलिंग के पास स्थित एक पहाड़ी इलाका है जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ भूतिया कहानियों के लिए भी प्रसिद्ध है। यहाँ के जंगलों और विक्टोरिया बॉयज स्कूल के आसपास कई रहस्यमयी घटनाओं की बातें कही जाती हैं। कुछ लोगों ने यहाँ बिना सिर वाले लड़के की आत्मा देखने का दावा किया है, जबकि कई लोगों को जंगल में चलते समय किसी के पीछे-पीछे आने का एहसास होता है। स्थानीय लोग कहते हैं कि यहाँ कई अनसुलझी घटनाएँ हुई थीं, जिसके बाद यह जगह डरावनी मानी जाने लगी।

5.डुमस बीच: श्मशान घाट से बना भारत का सबसे रहस्यमयी बीच

गुजरात का डुमस बीच अपनी काली रेत और रहस्यमयी माहौल के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि पहले यह स्थान श्मशान घाट के रूप में इस्तेमाल होता था। लोककथाओं के अनुसार यहाँ दफन या जलाए गए लोगों की आत्माएँ आज भी भटकती हैं। कई पर्यटकों ने रात के समय यहाँ अजीब-सी फुसफुसाहट, कदमों की आवाज और कुत्तों के अचानक भौंकने की घटनाएँ बताई हैं। कुछ लोग दावा करते हैं कि देर रात यहाँ घूमने गए लोग रहस्यमयी तरीके से गायब भी हो गए थे। इन कहानियों ने इस बीच को भारत की सबसे डरावनी जगहों में शामिल कर दिया है।

6.मेरठ का जीपी ब्लॉक: जहाँ रात में दिखती हैं रहस्यमयी परछाइयाँ

मेरठ का जीपी ब्लॉक एक पुरानी और खाली पड़ी इमारत है, जिसे लोग बहुत डरावना मानते हैं। आसपास रहने वाले लोगों के अनुसार यहाँ कई बार लाल कपड़े पहनी एक महिला दिखाई देती है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उन्होंने रात में चार पुरुषों को बैठकर शराब पीते हुए देखा, लेकिन पास जाने पर वे अचानक गायब हो गए। इन रहस्यमयी घटनाओं की वजह से यह इमारत हॉन्टेड कही जाने लगी। कई लोग यहाँ रात के समय जाने से डरते हैं।

7.अग्रसेन की बावली: खूबसूरत दिखने वाली लेकिन रहस्यमयी जगह

Shikher's Imagery

दिल्ली के बीचों-बीच स्थित अग्रसेन की बावली एक प्राचीन सीढ़ीदार कुआँ है, जिसका इतिहास सैकड़ों साल पुराना है। यह जगह देखने में तो बहुत खूबसूरत है, लेकिन इसके बारे में कई डरावनी कहानियाँ भी मशहूर हैं। कहा जाता है कि जैसे-जैसे लोग इसकी गहराई में नीचे उतरते हैं, उन्हें अजीब-सी बेचैनी और किसी के पीछा करने का एहसास होता है। कुछ लोगों का दावा है कि यहाँ उन्हें अनजानी आवाजें भी सुनाई देती हैं। इन्हीं रहस्यमयी अनुभवों के कारण इसे भारत की हॉन्टेड जगहों में गिना जाता है।

तो ये थीं भारत की 7 ऐसी जगह जिसे हॉन्टेड प्लेस कहा जाता है। इन कहानियों के पीछे कोई ठोस सबूत तो नहीं है लेकिन यहां के लोगों की मान्यताओं ने इन जगहों को रहस्यमई बना दिया है। [SP/MK]

हॉन्टेड प्लेसस (Haunted Places)
दिल्ली के बाद आंध्र प्रदेश में 4000 करोड़ का शराब घोटाला! ED ने 441 करोड़ की संपत्ति जब्त की, जानें इसकी पूरी कहानी
logo
www.newsgram.in