

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की समाप्ति के बाद, चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। पूर्व हेड कोच के इस्तीफे के बाद अब अगला हेड कोच कौन होगा? सभी का यही सवाल है। इसका सुझाव दिग्गज खिलाड़ी मैथ्यू हेडन ने दिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स के (Chennai Super Kings) लिए 3 साल (2008 से 2010) खेलने वाले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी मैथ्यू हेडन (Matthew Hayden) ने CSK के नए हेड कोच के रोल के लिए दिनेश कार्तिक का नाम सुझाया है। मैथ्यू हेडन के मुताबिक, दिनेश कार्तिक इस पद के लिए निपुण हैं। हेडन ने स्पोर्ट्सस्टार को दिए अपने एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान बताया, "दिनेश कार्तिक इस रोल के लिए इसलिए एकदम सही हैं, क्योंकि दिनेश भी चेन्नई से हैं और उनका लोकल होना CSK की टीम के तालमेल के लिए बेहद कारगर साबित होगा।" उन्होंने आगे कहा, "यदि CSK टीम फ्लेमिंग की जगह कार्तिक को चुनती है, तो यह एक बड़ा कदम होगा।"
दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) का जन्म 1 जून 1985 को मद्रास (अब चेन्नई), तमिलनाडु में हुआ था। 41 वर्षीय कार्तिक दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और इसके साथ ही वह विकेटकीपर की भूमिका भी निभाते थे। वर्तमान में, दिनेश कार्तिक इंडियन प्रीमियर लीग में RCB के बैटिंग कोच और मेंटॉर के पद पर तैनात हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के पूर्व हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग थे, जो 2009 से CSK के खेमे का हिस्सा थे। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अंत के बाद पांच बार की चैंपियन CSK के हेड कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है। यही नहीं, उनकी कोचिंग के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग की चैंपियन बनी। इसके साथ ही 2 बार चेन्नई सुपर किंग्स ने चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम किया है।
वहीं, पिछले कुछ IPL सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लगातार खराब प्रदर्शन के कारण स्टीफन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) ने अपनी इच्छानुसार और आपसी सहमति से CSK के हेड कोच का पद छोड़ने का फैसला लिया। अब इनके इस्तीफे के बाद देखना होगा कि अगला चेन्नई सुपर किंग्स का हेड कोच कौन होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के हेड कोच को लेकर यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को ही हेड कोच बनाया जा सकता है। ये अटकलें तब तेज हुईं, जब धोनी ने इस सीजन एक भी मैच नहीं खेला। कुछ फैंस यह भी कयास लगा रहे हैं कि धोनी संन्यास न लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच बनकर सामने आएंगे।(VR/MK)
यह भी पढे़ं: