

टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) के अपने पहले मुकाबले में इटली को बड़ा झटका लगा है। स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में इटली के कप्तान वेन मैडसेन को इंजरी की वजह से मैदान से बाहर जाना पड़ा। वह बल्लेबाजी के लिए नहीं आएंगे। विश्व कप के बाकी मैचों में उनके खेलने की संभावना न के बराबर है।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे मुकाबले में इटली ने स्कॉटलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। स्कॉटलैंड की पारी के चौथे ओवर में मैडसेन मिडविकेट पर फील्डिंग के दौरान जॉर्ज मुनसे के पुल को रोकने की कोशिश में मैडसेन अपना कंधा चोटिल कर बैठे। अपनी बाईं ओर डाइव लगाकर गेंद रोकने की कोशिश में वह चोटिल हुए। फील्ड पर गिरने के साथ ही उन्होंने मेडिकल मदद मांगी और इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए। मैडसेन का बायां कंधा खिसक गया है।
मैडसेन के इंजर्ड (Injured) होने के साथ ही कमेंटेटर्स ने कहा कि वह मैच में आगे नहीं खेलेंगे। इटली क्रिकेट एक्स पर लिखा, "कप्तान वेन मैडसेन का बायां कंधा खिसक गया है। इसलिए वे आज के मैच में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इटली के कैंपेन की बहुत ही निराशाजनक शुरुआत। उम्मीद है हमारे लड़के अच्छा करेंगे।"
वेन मैडसेन की गैरमौजूदगी में इटली की कप्तानी हैरी मैनेंटी ने संभाली। इटली के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मैडसेन अपना टी20 विश्व कप डेब्यू कर रहे थे। उन्हें तुरंत एक्स-रे के लिए भेजा गया। कंधा खिसकने पर आमतौर पर एक खिलाड़ी को एक से तीन सप्ताह तक बाहर रहना पड़ता है। गंभीर चोट तीन से चार महीने तक भी खिलाड़ी को बाहर रख सकती है।
42 साल के मैडसेन को जो बर्न्स के टीम से बाहर होने के बाद विश्व कप में इटली का कप्तान बनाया गया था। बता दें कि इटली को टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में 73 रन से हार का सामना करना पड़ा है। स्कॉटलैंड के दिए 208 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इटली 16.4 ओवर में 134 पर आउट हो गई। इटली ने अपने आखिरी 5 विकेट 17 गेंदों पर गंवाए।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और पहली ही गेंद पर जस्टिन मोस्का का विकेट गिर गया। इसके बाद विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। इटली ने अपने आखिरी 5 विकेट 17 गेंद के अंदर गंवाए। कप्तान वेन मैडसेन इंजरी की वजह से बल्लेबाजी के लिए नहीं आए। स्कॉटलैंड की ओर से माइकल लिस्क प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
(MK)