आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड, कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार 'शून्य' पर आउट

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 21वें मैच में खाता खोले बगैर आउट हो गए।
आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड, कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार
आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड, कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बारIANS
Published on

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 21वें मैच में खाता खोले बगैर आउट हो गए। इसी के साथ अभिषेक टी20 फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार 'डक' पर आउट होने वाले भारतीय बन गए हैं।

अभिषेक शर्मा ने साल 2026 में अब तक 18 टी20 पारियां खेली हैं। इस दौरान 7 बार वह शून्य पर पवेलियन लौटे हैं। टी20 में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ियों में रोहित शर्मा और संजू सैमसन संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं।

रोहित शर्मा साल 2018 में खेली गईं 32 टी20 पारियों में 6 बार डक पर आउट हुए, जबकि संजू सैमसन साल 2024 में 32 टी20 पारियों के दौरान अपना खाता नहीं खोल सके थे। गुरकीरत सिंह मान साल 2013 में 19 पारियां खेलते हुए 5 बार 'डक' पर पवेलियन लौटे थे।

सोमवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले की पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा अपना विकेट जोफ्रा आर्चर को दे बैठे। इसी के साथ अभिषेक आईपीएल मैच की पहली गेंद पर आउट होने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले शिखर धवन साल 2018 में क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल मुकाबले की पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए थे।

इस मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दोनों ही टीमें 2-2 बदलावों के साथ मैदान पर उतरी हैं।

ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे और ईशान मलिंगा के साथ यह मैच खेल रही है।

दूसरी ओर, रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और तुषार देशपांडे के साथ इस मुकाबले में उतरी है। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

Related Stories

No stories found.
logo
www.newsgram.in