

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पिछले 18 सीजन में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के साथ फील्डर और विकेटकीपर ने भी अपना जलवा बिखेरा है। आइए, उन विकेटकीपर्स के बारे में जानते हैं, जिन्होंने आईपीएल करियर में विकेट के पीछे से 100 या उससे ज्यादा शिकार किए हैं।
महेंद्र सिंह धोनी: इस दिग्गज खिलाड़ी ने साल 2008 से अब तक कुल 278 मैच खेले, जिसमें विकेटकीपर के तौर पर 201 शिकार किए। इस दौरान माही ने 154 कैच और 47 स्टंपिंग कीं। धोनी सिर्फ दो ही टीमों की ओर से आईपीएल खेले हैं, जिसमें 38.30 की औसत के साथ 5,439 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए। माही ने इस लीग में 264 छक्के और 375 चौके लगाए हैं।
दिनेश कार्तिक: इस खिलाड़ी ने साल 2008 से 2024 के बीच 6 टीमों के साथ कुल 257 आईपीएल मैच खेले, जिसमें 174 शिकार किए। इस दौरान 137 कैच आउट और 37 स्टंपिंग शामिल रहीं। कार्तिक ने 26.31 की औसत के साथ 4,842 रन बनाए, जिसमें 22 अर्धशतक शामिल रहे। कार्तिक ने इस लीग में 161 छक्के और 466 चौके लगाए हैं।
ऋद्धिमान साहा: आईपीएल में पांच टीमों की ओर से साहा ने कुल 170 मैच खेले, जिसमें 113 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया। इस दौरान 87 कैच और 26 स्टंप आउट किए। साहा ने इस लीग में 24.24 की औसत के साथ 2,934 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 87 छक्के और 296 चौके निकले।
ऋषभ पंत: दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से 125 आईपीएल मैच खेल चुके पंत ने अब तक बतौर विकेटकीपर कुल 101 शिकार किए हैं, जिसमें 77 कैच और 24 स्टंपिंग शामिल हैं। बतौर बल्लेबाज पंत ने लीग में 34.16 की औसत के साथ 3,553 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 170 छक्के और 319 चौके निकले।
(MK)