
जावेद हबीब और उनके बेटे पर क्रिप्टो निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगने का आरोप लगा।
2022 में एक वर्कशॉप के दौरान महिला के बालों पर थूकने का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद बड़ा विवाद हुआ।
2017 में देवी-देवताओं वाले सैलून विज्ञापन और 2019 में बीजेपी ज्वाइन करने को लेकर भी विवाद हुआ।
हमारे शरीर की जो बनावट है, उसका हर एक भाग किसी ना किसी तरीके से आपस में जुड़ा हुआ है। अगर एक भी चीज गायब हुई, तो जाहिर सी बात है, वो आपको देखने में थोड़ा अजीब ही लगेगा। अब बाल को ही ले लीजिये। आज के समय में हर युवाओं की ख्वाहिश होती है कि उनके सिर पर बाल लहराते हुए हों और इसके लिए वो बेहतरीन सैलून के चक्कर काटते हैं।
भारत में बेहतरीन सैलून में जावेद हबीब (Jawed Habib) का नाम काफी मशहूर है। हेयर स्टाइलिस्ट को लेकर अक्सर वो सुर्ख़ियों में बने रहते हैं। भारत के विभिन्न जगहों पर उनके सैलून के ब्रांच भी खुले हुए हैं। हालांकि, यही जावेद हबीब विवादों से भी घिर चुके हैं। इनके जीवन में 4 ऐसे विवाद हुए हैं, जिसने देश में तहलका मचा दिया था।
यह घटना अक्टूबर 2025 में सामने आई जहाँ जावेद हबीब (Jawed Habib), उनके बेटे अनोस और अन्य सहयोगियों पर संभल, उत्तर प्रदेश के सैकड़ों निवेशकों के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप लगा। कहा जाता है कि 2023 में हबीब और उनके बेटे ने एक सेमिनार में कई लोगों को बिटकॉइन और क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर 50% से 75% तक के भारी मुनाफे का लालच दिया था। इसके बाद कुछ लोगों ने 5 से 7 लाख रुपए का निवेश किया लेकिन उन्हें कोई मुनाफा नहीं मिला और उनके पैसे भी नहीं मिले। जब लोग पैसा मांगने आए, तो कंपनी के दफ्तर बंद कर दिए गए और आरोपी फरार हो गए। बाद में पुलिस ने 32 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की।
मौजूदा स्थति यह है कि दोनों बाप-बेटे देश छोड़कर नहीं जा सकते हैं क्योंकि उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी है। वहीं, नवंबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जावेद हबीब और उनके बेटे को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देते हुए जांच पूरी होने तक किसी भी कठोर कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जावेद हबीब (Jawed Habib) निवेशकों के पैसे लौटा रहे हैं। करीब 18 लोगों के पैसे वापस कर चुके हैं। वहीं, उनके वकील ने कोर्ट में दलील दी थी कि जावेद बस एक कार्यक्रम में गेस्ट स्पीकर के तौर पर शामिल हुए थे। इससे उनका कोई लेना देना नहीं है।
यह घटना जनवरी 2022 की है जहाँ मुजफ्फरनगर में एक वर्कशॉप आयोजित हुआ था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में जावेद हबीब (Jawed Habib) एक महिला (पूजा गुप्ता) को स्टेज पर बुलाकर हेयरकट सिखा रहे थे। बाल काटते समय उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि "इन बालों में जान नहीं है क्योंकि इन्हें पानी नहीं मिला है" और फिर महिला के सिर पर थूकते हुए बोले, "इस थूक में जान है"। उन्होंने भीड़ से यह भी कहा कि अगर पानी की कमी हो, तो थूक का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसपर पीड़िता ने अपनी नाराजगी तक जताई थी। देशभर में जावीद हबीब (Jawed Habib) की आलोचना हुई। इस घटना के बाद मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाने में धारा 355 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में उन्होंने एक वीडियो जारी कर माफ़ी भी मांगी थी। हालांकि, इससे उनके ब्रांड वैल्यू को काफी नुकसान भी हुआ था।
यह विवाद 2017 का है जब दुर्गा पूजा का त्यौहार चल रहा है। इस दौरान जावेद हबीब (Jawed Habib) के एक प्रिंट विज्ञापन में हिंदू देवी-देवताओं (माँ दुर्गा, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती और कार्तिकेय) को एक सैलून में बैठे और बाल कटवाते हुए दिखाया गया था। विज्ञापन की टैगलाइन थी, "भगवान भी JH (जावेद हबीब) सैलून जाते हैं।"
इस विज्ञापन को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला माना गया, जिसके बाद देशभर में भारी विरोध हुआ और हैदराबाद सहित कई शहरों में हबीब के खिलाफ FIR दर्ज की गई। विवाद जब ज्यादा बढ़ा, तो हबीब को माफ़ी मांगनी पड़ी। इस दौरान उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि ये विज्ञापन उनकी अनुमति के बगैर तैयार हुआ है।
2017 की घटना के बाद अप्रैल 2019 में खबर आई कि जावेद हबीब (Jawed Habib) ने बीजेपी पार्टी ज्वाइन कर ली और इसी के साथ उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। पार्टी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने कहा था कि वे "बालों के चौकीदार" से अब "देश के चौकीदार" बन गए हैं।
हालांकि, उनके बीजेपी में शामिल होने की कड़ी आलोचना हुई थी क्योंकि 2017 में जो विज्ञापन सामने आया था, इससे लोगों की भावना को ठेस पहुंची थी। वर्तमान में जावेद हबीब राजनीति में सक्रिय नहीं दिखते हैं लेकिन बावजूद इसके उनके पार्टी छोड़ने की खबर अभी तक सामने नहीं आई है।
तो ये थी जावेद हबीब (Jawed Habib) के जीवन के 4 बड़े विवाद।