लेफ्टिनेंट जनरल बी वोवेल ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी से की मुलाकात, भारत-अमेरिकी सेना की मजबूत साझेदारी पर चर्चा
लेफ्टिनेंट जनरल बी वोवेल ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी से की मुलाकात, भारत-अमेरिकी सेना की मजबूत साझेदारी पर चर्चा

लेफ्टिनेंट जनरल बी वोवेल ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी से की मुलाकात, भारत-अमेरिकी सेना की मजबूत साझेदारी पर चर्चा

Published on

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। लेफ्टिनेंट जनरल जोएल बी. वोवेल, डिप्टी कमांडिंग जनरल, यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी पैसिफिक (यूएसएआरपीएसी) ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

दोनों अधिकारियों के बीच हुई बातचीत में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यासों के माध्यम से तालमेल बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सैन्य सहयोग को और गहरा करने के नए तरीकों पर जोर दिया गया।

भारतीय सेना के अतिरिक्त निदेशक जनरल जनसंपर्क (एडीजीपीआई) ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर लिखा, "लेफ्टिनेंट जनरल जोएल बी. वोवेल, डिप्टी कमांडिंग जनरल, यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी पैसिफिक (यूएसएआरपीएसी) ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की और भारत-यूएस रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।"

उन्‍होंने आगे कहा, ''इस बातचीत में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यासों के माध्यम से तालमेल बढ़ाने और कई क्षेत्रों में सैन्य सहयोग को गहरा करने पर ध्यान दिया गया। इस बैठक ने दोनों सेनाओं की रणनीतिक साझेदारी और उभरते सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।”

दिन की शुरुआत में, लेफ्टिनेंट जनरल जोएल बी वोवेल ने वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह से भी मुलाकात की और दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। इस बातचीत में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, सैन्य सहयोग बढ़ाने और संयुक्त प्रशिक्षण और अभ्यासों के माध्यम से तालमेल बढ़ाने पर चर्चा हुई।

एडीजीपीआई ने कहा, "लेफ्टिनेंट जनरल जोएल बी. वोवेल, डिप्टी कमांडिंग जनरल, यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी पैसिफिक, ने वाइस सीओएएस लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने विविध संचालन क्षेत्रों में गहन सहयोग के अवसरों का भी पता लगाया। इस बातचीत ने क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए दोनों सेनाओं की साझा प्रतिबद्धता और रणनीतिक साझेदारी को दर्शाया।”

पिछले महीने हिमाचल प्रदेश के बकलोह में 24 फरवरी से 16 मार्च तक 21 दिवसीय भारत-यूएस जॉइंट स्पेशल फोर्सेस एक्सरसाइज "वज्र प्रहार 2026" का 16वां संस्करण आयोजित किया गया।

यह प्रमुख विशेष बल अभ्यास भारतीय और अमेरिकी सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग, तालमेल और संयुक्त संचालन क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से स्पेशल फोर्सेज ट्रेनिंग स्कूल, बकलोह, में आयोजित किया गया।

एडीजीपीआई ने कहा, “यह अभ्यास रक्षा सहयोग को गहरा करने, तालमेल बढ़ाने और उन्नत विशेष संचालन तकनीकों के आदान-प्रदान के लिए आयोजित किया गया। कठिन और यथार्थवादी प्रशिक्षण परिदृश्यों के माध्यम से दोनों दल आपसी विश्वास और संचालन संबंधी सहयोग को मजबूत करेंगे।”

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व 45 स्पेशल फोर्सेज कर्मियों ने किया, जबकि अमेरिकी सेना की ओर से 12 ग्रीन बेरेट्स शामिल हुए। इस अभ्यास से दोनों देशों के विशेष बलों के बीच तालमेल, आपसी विश्वास और पेशेवर मित्रता और मजबूत होगी।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

logo
www.newsgram.in