राज्यसभा चुनाव: राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एनडीए उम्मीदवार होंगे उपेंद्र कुशवाहा
राज्यसभा चुनाव: राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एनडीए उम्मीदवार होंगे उपेंद्र कुशवाहा

राज्यसभा चुनाव: राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एनडीए उम्मीदवार होंगे उपेंद्र कुशवाहा

Published on

नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को एनडीए-समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती की ओर से यह जानकारी दी गई है।

नितिन भारती की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एनडीए नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है। साथ ही, यह भी बताया गया कि 5 मार्च को उपेंद्र कुशवाहा नामांकन करेंगे।

नितिन भारती की ओर से जारी रिलीज में कहा गया, "राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को आगामी राज्यसभा चुनाव हेतु पार्टी की ओर से आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) समर्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उम्मीदवार के रूप में उपेंद्र कुशवाहा अपना नामांकन करेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा विचार-विमर्श एवं आपसी संवाद के उपरांत यह निर्णय लिया गया है कि कुशवाहा आगामी 5 मार्च को उम्मीदवारी हेतु बिहार विधानसभा में अपना नामांकन करेंगे। इस अवसर पर एनडीए के सभी घटक दलों के नेता उपस्थित रहेंगे।"

इसके अलावा, भाजपा ने भी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार, असम से तेरश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा के नामों की घोषणा की है।

इससे पहले, 18 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने 10 राज्यों से रिक्त होने वाली 37 सीटों को भरने के लिए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था। आयोग के अनुसार, मतदान 16 मार्च को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5:00 बजे होगी। 10 राज्यों से निर्वाचित राज्य परिषद के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त होने वाला है। आगामी रिक्तियों को देखते हुए, आयोग ने चुनावी प्रक्रिया के लिए एक विस्तृत समय सारणी तैयार की है।

चुनाव की अधिसूचना 26 फरवरी को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी। उम्मीदवारों के पास 9 मार्च तक अपना नामांकन वापस लेने का विकल्प होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतपत्रों पर वरीयताएं अंकित करने के लिए केवल पूर्व-निर्धारित विशिष्टताओं वाले एकीकृत बैंगनी रंग के पेन ही मान्य होंगे, जो रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।

आयोग ने चुनाव संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया और इस बात पर जोर दिया कि राज्यसभा चुनावों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएगी।

--आईएएनएस

पीएसके

logo
www.newsgram.in