बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन का पटना में हुआ भव्य स्वागत
बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन का पटना में हुआ भव्य स्वागत

बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन का पटना में हुआ भव्य स्वागत

Published on

पटना, 12 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मनोनीत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन गुरुवार को राजधानी पटना पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पटना हवाई अड्डे पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सहित सरकार के कई मंत्रियों और गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का अभिनन्दन किया। पटना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद नए राज्यपाल को राज्य सरकार की ओर से पारंपरिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल हसनैन के समृद्ध अनुभव और कुशल मार्गदर्शन में बिहार प्रगति और विकास के पथ पर और अधिक तेजी से अग्रसर रहेगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन का पटना एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

डिप्‍टी सीएम सिन्‍हा ने कहा कि बिहार की पावन धरती पर उनका हार्दिक स्वागत है। सैयद अता हसनैन के मार्गदर्शन में राज्य प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

बताया गया कि भारतीय सेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी सैयद अता हसनैन बिहार के राज्यपाल के रूप में जल्द ही शपथ लेंगे। पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन भारतीय सेना में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और रणनीतिक नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। सेना में लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। सुरक्षा से जुड़े मामलों में उनकी विशेषज्ञता मानी जाती है।

बिहार के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक और रणनीतिक नजरिए से अहम माना जा रहा है। जनरल सैयद अता हसनैन वर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लेंगे। हसनैन, करीब 40 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

logo
www.newsgram.in