पीएम मोदी आपदा को अवसर में बदलते हैं, एलपीजी सिलेंडर के लिए चिंता न करें: संजय सरावगी
पीएम मोदी आपदा को अवसर में बदलते हैं, एलपीजी सिलेंडर के लिए चिंता न करें: संजय सरावगी

पीएम मोदी आपदा को अवसर में बदलते हैं, एलपीजी सिलेंडर के लिए चिंता न करें: संजय सरावगी

Published on

पटना, 12 मार्च (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पीएम मोदी ने कोरोना काल में भी आपदा को अवसर में बदला था। उन्होंने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अन्य देशों को वैक्सीन भेजकर लाखों लोगों की जान बचाई थी।

एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि पश्चिमी देशों में युद्ध चल रहा है, जिससे कुछ हद तक गैस आपूर्ति में समस्या आई है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा को अवसर में बदलकर राहत दी है। कोविड के दौरान आपने देखा कि सिर्फ वैक्सीन नहीं बनाई गई, बल्कि कई देशों को वैक्सीन भी मुहैया कराई गई। लाखों लोगों की जान बचाई गई। वर्तमान में थोड़ी गैस सप्लाई की बाधा उत्पन्न हुई है, लेकिन लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन मोड में गैस की बुकिंग हो रही है और लोगों के घरों तक दो से तीन दिन में गैस की आपूर्ति हो रही है। आम जनता थोड़ी पैनिक है। आम जनता घबराए नहीं, बल्कि सरकार पूरे मामले पर नजर रख रही है। पीएम मोदी ने सभी से कहा कि रोजमर्रा की चीजों में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। बिहार सरकार भी जमाखोरी करने वालों पर नजर बनाए हुए है।

राज्यसभा चुनाव और राजद के पांचवें सीट को जीतने के दावे पर संजय सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव अभी हार स्वीकार नहीं करेंगे। एनडीए 16 मार्च को निश्चित तौर पर पांच की पांच राज्यसभा सीटें जीतेगा। हम लोग इसे लेकर आश्वस्त हैं।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ नो-कॉन्फिडेंस मोशन खारिज होने पर संजय सरावगी ने कहा कि कांग्रेस गलत साबित हुई है। ओम बिरला बहुत अच्छे और सम्मानित स्पीकर हैं, जो अपनी ड्यूटी बहुत अच्छे से निभाते हैं। राहुल गांधी मुद्दा बनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ खास नहीं हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जिस तरह जवाब दिया, उसके बाद कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा। ओम बिरला के खिलाफ जो अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, उसमें कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी।

सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि सीएम ने इस यात्रा के जरिए मां पूरण देवी की पावन धरती, पूर्णिया जिले में 485 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसके अंतर्गत 321 करोड़ रुपए की लागत से 8 नई परियोजनाओं की आधारशिला एवं 164 करोड़ रुपए से पूर्ण हुई 84 जन-कल्याणकारी योजनाओं को जनता को समर्पित किया। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव होगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

logo
www.newsgram.in