जाप करने से कम होगा चंद्र ग्रहण का प्रभाव, शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर के पुजारी ने बताए नियम
जाप करने से कम होगा चंद्र ग्रहण का प्रभाव, शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर के पुजारी ने बताए नियम

जाप करने से कम होगा चंद्र ग्रहण का प्रभाव, शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर के पुजारी ने बताए नियम

Published on

प्रयागराज, 3 मार्च (आईएएनएस)। 3 मार्च को साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने वाला है, जोकि दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। उत्तर भारत समेत देशभर के कई मंदिर चंद्र ग्रहण की वजह से बंद रहेंगे।

इसी कड़ी में प्रयागराज में स्थिति शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर के कपाट भी बंद हो चुके हैं। मंदिर के कपाट अब शाम को 7 बजे खोले जाएंगे। मंदिर के पुजारी पंडित श्याम जी पाठक ने चंद्र ग्रहण के दौरान कुछ सावधानियां बरतने और जाप करने की भक्तों से अपील की है।

पंडित श्याम जी पाठक ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "यह 2026 का पहला चंद्र ग्रहण है। ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शाम 6 बजकर 48 मिनट तक रहेगा और इसका प्रभाव पूरे देश में देखने को मिलने वाला है। इस ग्रहण काल ​​में मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक साधना करने से सफलता प्राप्त होती है। चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है, और यहां मंदिर में सुबह 6 बजकर 20 के बाद से मंदिर के कपाट बंद हैं। मंदिर के कपाट शाम को 7 बजे खोले जाएंगे, और सायंकाल आरती और शुद्धीकरण के बाद ही भक्त मां के दर्शन कर पाएंगे।"

उन्होंने आगे बताया, सूतक काल और ग्रहण में मूर्ति पूजन निषेध होता है, और गर्भवती महिलाओं को खास सावधानी बरतनी पड़ती है, लेकिन बाकी सभी सामान्यजन जप, पाठ, और साधना कर सकते हैं। ग्रहण काल में किया गया जप और साधना विशेष फलदायी होता है। घरों में लोग प्रतिमा पूजन से बचें और जाप करके भगवान से अच्छे जीवन की कामना करें। ग्रहण में अगर शक्ति मंत्रों या गुरु मंत्रों का जाप किया जाए तो मनोकामना पूर्ति जल्द होती है।

बता दें कि आज अयोध्या और काशी के भी सभी बड़े मंदिर बंद रहेंगे। राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुके हैं कि भक्त मंदिर की समय-सारणी के अनुसार दर्शन की प्लानिंग करें। दोनों मंदिरों के कपाट दिन के समय बंद होंगे और शाम को शुद्धिकरण के साथ खोले जाएंगे। वहीं बाबा महाकाल मंदिर के कपाट बंद नहीं होंगे, लेकिन बाबा पर ग्रहण के दौरान जल अर्पित नहीं किया जाएगा, और भक्त भी गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।

--आईएएनएस

पीएस/एएस

logo
www.newsgram.in