

West Bengal Assembly Election 2026:पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को पहले चरण के तहत वोटिंग हो रही है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भरोसा जताया है कि बंगाल की जनता विकास के मुद्दे पर वोट करेगी और भाजपा की सरकार बननी तय है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (UP Dy.CM Keshav Prasad Mourya) ने कहा कि हम लोगों को पूरा विश्वास है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने में सफल होगा। अगर पश्चिम बंगाल के मतदाताओं को निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का मौका मिलता है, तो जैसे भाजपा की 2014 और 2017 में उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक जीत हुई थी, उसी तरह 2026 में पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की होगी और वहां कमल खिलेगा। सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि निडर होकर वोट करें।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने निरंतर देखें, लेकिन जब 2027 का रिजल्ट आएगा, तो वो चारों खाने चित्त नजर आएंगे और सैफई की ओर प्रस्थान करते हुए दिखाई देंगे।
बंगाल में मतदान के दौरान हुई हिंसा पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह आशंका कि टीएमसी के गुंडे मतदान के दौरान या उससे पहले अराजकता फैला सकते हैं, आज सच साबित हो गई है। भाजपा ने आयोग को लिखित में शिकायत दी है कि वहां बड़ी हिंसा हो सकती है। टीएमसी के गुंडों ने सोची समझी रणनीति के तहत कायराना हरकत की है। लेकिन, इससे कुछ नहीं होने वाला है। भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत रही है, टीएमसी को बंगाल से जाना होगा, विकास की मुख्यधारा से बंगाल को जोड़ने के लिए वहां पर भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगी। पहले से बेहतर स्थिति होगी।
खड़गे द्वारा पीएम मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा पूरे तरह से समाजविरोधी है, वे संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करते हैं, सभी संस्थानों पर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी रीत रही है। देश की जनता देख रही है समय आने पर जवाब मिलेगा।
[VT]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)