

शिवसेना यूबीटी (Shivsena UBT) सांसद संजय राउत ने महिला आरक्षण विधेयक, परिसीमन, बिहार के नए मुख्यमंत्री, अशोक मित्तल के आवास पर ईडी की छापेमारी और महाराष्ट्र में ऑटो व टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा अनिवार्य करने पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी।
महिला आरक्षण विधेयक (Women's Reservation Bill) पर संजय राउत ने कहा, "महिला आरक्षण, राजनीतिक आरक्षण या महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने की कोई जरूरत नहीं है। कोई भी पार्टी इसका विरोध नहीं करेगी। न कांग्रेस, न हम और न ही कोई अन्य पार्टी इसका विरोध करेगी। वहीं, महिला आरक्षण के आड़ में जो परिसीमन (delimitation) का खेल चल रहा है, वह बहुत गंभीर है। भाजपा अपने अनुसार पॉलिटिकल मैप बनाने की कोशिश कर रही है। उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच भाजपा ने मतभेद पैदा कर दिया है। दक्षिण के राज्यों को कमजोर बना दिया है। दो-चार राज्यों की ताकत इतनी बढ़ा दी है कि वही देश की राजनीति तय करेंगे। इससे देश में अराजकता फैल जाएगी और हमेशा संघर्ष जारी रहेगा।"
विपक्षी नेताओं की बैठक पर संजय राउत (Sanjay Raut) ने कहा, "आज विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक है। सभी विपक्षी दल इसमें शामिल होंगे और हम वहीं अपनी रणनीति तय करेंगे।"
सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर राउत ने कहा, "यह उनका बहुत पुराना सपना था और अब यह पूरा हो गया है। उन्हें अब एक सम्राट मिल गया है, जो अच्छी बात है।"
अशोक मित्तल के आवास पर ईडी की छापेमारी संजय राउत ने कहा, "प्रधानमंत्री का यह पुराना खेल है और खेलते रहेंगे।"
महाराष्ट्र में ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी बोलना अनिवार्य किए जाने पर कहा, "महाराष्ट्र ही नहीं हर राज्य में स्थानीय भाषा बोलनी चाहिए।"
इसके पहले मंगलवार को आई-पैक प्रकरण पर उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में सभी लोग चुनाव की तैयारियों में बिजी हैं। ऐसी स्थिति में ईडी ने भाजपा के विरोधियों पर यह कार्रवाई की है लेकिन पश्चिम बंगाल में जीत ममता बनर्जी की ही होगी। प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पूरी तरह से उनके अनुकूल बनी हुई है।
[VT]
Also read:
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)