

पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने विदेश में बैठे आतंकवादियों के हैंडलर्स के दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इन दोनों के बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकवादी संगठन से संबंध होने की पुष्टि हुई है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को इनके पास से दो हथगोले भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के बारे में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये हथगोले एक बड़ी साजिश का हिस्सा थे। साजिश का उद्देश्य पंजाब में शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ना और सरकारी संस्थानों और बुनियादी ढांचों को निशाना बनाना था।
पुलिस के मुताबिक, अमृतसर के राज्य विशेष अभियान सेल में इस मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और विदेशी हैंडलर्स सहित इसके सारे संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह आतंकवादी नेटवर्क को पूरी तरह से जड़ से खत्म करने, संगठित अपराध को समाप्त करने और पूरे राज्य में शांति और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह कार्रवाई पंजाब में सुरक्षा स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, इन गिरफ्तारियों से एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है, जिससे कई निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकी है।
बता दें कि पंजाब पुलिस लगातार सक्रिय है और ऐसे तत्वों पर नजर रखे हुए है जो राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
[PY]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)