

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान शुरू हो गया है। तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर चुनाव जारी है। बाकी के 142 सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा।
दोनों राज्यों में मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही वोटिंग सेंटर्स पर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है। पश्चिम बंगाल के बेरहामपुर में भी बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी शक्ति के साथ भाग लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें।"
एक अन्य 'एक्स' पोस्ट में तमिलनाडु के मतदाताओं से अपील करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, "जैसे-जैसे तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है, मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस पवित्र कर्तव्य में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें।"
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के पहले चरण के मतदान को राज्य के वर्तमान और भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज बंगाल में पहले चरण का मतदान है। इस बार का बंगाल चुनाव प्रदेश के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बहुत महत्त्वपूर्ण है। एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल की डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों, सिंडिकेट और कटमनी राज से प्रदेश को मुक्ति दिला सकती है। बंगाल की माताओं, बेटियों के लिए सुरक्षित बंगाल बनाने हेतु आज बढ़-चढ़कर वोट करें। सभी मतदाता, विशेषकर युवा, आज एक समृद्ध और विकसित बंगाल बनाने के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।" (MK)
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)