केरल में हीटवेव का असर: जूस की दुकानों और बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर सख्ती

केरल में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने जूस की दुकानों, पेयजल स्रोतों और बोतलबंद पानी यूनिट्स के खिलाफ राज्यभर में सख्त निरीक्षण अभियान शुरू किया है।
केरल में हीटवेव का असर: जूस की दुकानों और बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर सख्ती
केरल में हीटवेव का असर: जूस की दुकानों और बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर सख्तीIANS
Published on

केरल में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने जूस की दुकानों, पेयजल स्रोतों और बोतलबंद पानी यूनिट्स के खिलाफ राज्यभर में सख्त निरीक्षण अभियान शुरू किया है।

स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा कि यह कदम गर्मियों के चरम समय में लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए उठाया गया है, क्योंकि इस दौरान खाद्य पदार्थों के खराब होने और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

1 मार्च से अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 3,641 निरीक्षण किए गए हैं। इस दौरान 291 प्रतिष्ठानों को खामियां सुधारने के नोटिस दिए गए, जबकि 219 के खिलाफ उल्लंघन के चलते कार्रवाई (कंपाउंडिंग नोटिस) की गई।

अधिकारियों ने 506 सैंपल जूस, कोल्ड ड्रिंक और सॉफ्ट ड्रिंक के लिए, तथा 118 सैंपल पीने के पानी और बोतलबंद पानी के लिए एकत्र किए। इसके अलावा 36 वैधानिक सैंपल भी लिए गए, जिनमें से 2 सैंपल घटिया गुणवत्ता के पाए गए, जिससे आगे जांच शुरू की गई है।

खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्तों के नेतृत्व में निरीक्षण टीमें जिलों में तैनात की गई हैं, जो सड़क किनारे दुकानों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक जांच कर रही हैं। खासतौर पर शावरमा जैसे खाद्य पदार्थ बेचने वाले आउटलेट्स पर ध्यान दिया जा रहा है, जो गर्मी में जल्दी खराब हो सकते हैं।

अधिकारियों ने जूस में इस्तेमाल होने वाली बर्फ को भी बड़ा स्वास्थ्य जोखिम बताया है। दूषित पानी से बनी बर्फ गंभीर बीमारियां फैला सकती है, इसलिए दुकानदारों को साफ और सुरक्षित पानी का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि अधिक तापमान में खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो जाते हैं, इसलिए उन्हें साफ-सुथरी और ढकी हुई स्थिति में रखना जरूरी है। पैक्ड फूड पर निर्माण की तारीख और समय स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए और उपभोक्ताओं को एक्सपायरी अवधि पार कर चुके खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी गई है।

मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और यह सुनिश्चित करें कि पानी साफ और सुरक्षित हो। यात्रा के दौरान उबला और ठंडा किया गया पानी पीना बेहतर है।

प्रशासन ने बिना अनुमति या नकली बोतलबंद पानी की बिक्री पर भी कड़ी चेतावनी दी है। उपभोक्ताओं को बोतल की सील जांचने और धूप में रखे गए पानी या सॉफ्ट ड्रिंक खरीदने से बचने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, गर्मी में बोतलबंद पेय पदार्थों के गलत भंडारण और परिवहन से स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। खाद्य और जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निरीक्षण अभियान आने वाले हफ्तों में भी जारी रहेगा। [SP]

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

Related Stories

No stories found.
logo
www.newsgram.in