'कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है दिल्ली सरकार', विवेक विहार अग्निकांड पर सीएम रेखा ने जताया दुख

विवेक विहार अग्निकांड में 9 लोगों की मौत पर शोक, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी, पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन
कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है दिल्ली सरकार
कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है दिल्ली सरकारIANS
Published on

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के विवेक विहार में आग लगने से 9 लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।"

उन्होंने आगे लिखा, "स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।"

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी विवेक विहार की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "विवेक विहार में इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में सभी प्रभावित परिवारों के साथ दिल्ली सरकार पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।"

वहीं, दिल्ली भाजपा भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने विवेक विहार में घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। करीब 20 लोगों को बचाया गया है, जबकि नौ लोगों की जान चली गई। मैंने पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।

विवेक विहार फेज-1 में रविवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में आग लगी थी। इसमें अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया है कि एसी में ब्लास्ट के बाद आग लगी थी, जिसने कुछ मिनटों में ही इमारत के कई फ्लोर को चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मरने वालों की पहचान हो चुकी है। अरविंद, अनीता जैन, निशांत जैन और आंचल जैन दूसरे फ्लोर पर रहते थे, जिनकी मौत हुई है। मरने वालों में पहले फ्लोर पर रह रहीं 45 वर्षीय शिखा जैन भी शामिल हैं। इसके अलावा नितिन जैन, शैली जैन और सम्यक जैन तीसरे फ्लोर पर रहते थे। (MK)

कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है दिल्ली सरकार
अशोक खरात पर ईडी का शिकंजा, नासिक समेत 11 ठिकानों पर छापेमारी

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

logo
www.newsgram.in