

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिग्गज गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारत की सुर सम्राज्ञी आशा भोंसले जी का निधन संगीत और जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने हजारों फिल्मों एवं संगीत एल्बम्स में अपनी आवाज दी। उनके गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''भारत की सुर सम्राज्ञी आशा भोंसले जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पार्श्व गायिका के रूप में उन्होंने हज़ारों फिल्मों एवं संगीत एल्बम्स में अपनी आवाज दी। उनके गाए हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों ने सुना और गुनगुनाया है। उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी। आशा भोसले जी का निधन संगीत और जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।''
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मशहूर सिंगर आशा भोसले के निधन पर मीडिया से बातचीत में कहा, "पिछले कई सालों से आशा भोसले और मेरा बहुत नजदीकी संबंध रहा। आशा ताई ने अनेक भाषाओं में अनेक गीत गाए। जिस तरह लता दीदी ने अपनी गायन कला से देश का नाम रोशन किया, वैसे ही आशा ताई ने भी देश का नाम बड़ा किया। उनका जाना उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा झटका है।"
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''मधुर वाणी और अद्वितीय गायकी की प्रतिमूर्ति दीदी आशा भोसले जी ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनकी आवाज़ केवल सुरों का संगम नहीं, बल्कि भावनाओं का ऐसा अनकहा रिश्ता है जिसे शब्दों में बांध पाना संभव नहीं है। एक ऐसा जुड़ाव जो हर दिल में सदा जीवित रहेगा। उनके गाए गीत आने वाली पीढ़ियों तक यूँ ही गूंजते रहेंगे। यह क्षण उनके परिवार, कला जगत से जुड़े सभी लोगों और करोड़ों प्रशंसकों के लिए अत्यंत भावुक और अपूरणीय क्षति का है। मैं सभी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। माँ सरस्वती दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।''
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने आशा भोसले के निधन पर दुख जताया और एक्स पोस्ट में लिखा, ''आशा भोसले जी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं, वह एक ऐसी प्रतिष्ठित आवाज थीं जिसे सुनते-सुनते हम बड़े हुए, हमारे बचपन के शुरुआती दिनों से ही। वह एक अमर हस्ती हैं, वह कहीं नहीं गईं, वह कभी नहीं जाएंगी, वह हमेशा हमारे आस-पास हैं और हमें यह याद दिलाती रहती हैं कि वह यहीं हैं, "जाइए आप कहां जाएंगे, यह नजर लौट के फिर आएगी।"
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आशा भोसले के निधन पर लिखा, ''महान संगीत प्रतिभा आशा भोसले के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह एक प्रेरणादायक और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका रही हैं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया। उन्होंने कई बंगाली गीत भी गाए और बंगाल में भी वह बेहद लोकप्रिय हैं। वर्ष 2018 में हमने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बंग विभूषण' से सम्मानित किया था। उनके परिवार, उनके साथियों और दुनिया भर में फैले उनके लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।''
मशहूर सिंगर आशा भोसले का रविवार को 92 साल की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनके बेटे आनंद भोसले ने इसकी पुष्टि की। आनंद भोसले ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सोमवार सुबह 11 बजे लोग लोअर परेल के कासा ग्रांडे में उन्हें श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उनका अंतिम संस्कार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।
[PY]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)