

सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ-साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग (एपीपीएससी) ने आंध्र प्रदेश सोशल वेलफेयर, ट्राइबल वेलफेयर और बैकवर्ड क्लासेस वेलफेयर सबऑर्डिनेट सर्विसेज में हॉस्टल वेलफेयर ऑफिसर ग्रेड-II के कुल 73 पदों पर सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
आंध्र प्रदेश पीएससी की ओर से जारी 73 रिक्तियों में एपी सोशल वेलफेयर सबऑर्डिनेट सर्विस में हॉस्टल वेलफेयर ऑफिसर ग्रेड-II 21, एपी ट्राइबल वेलफेयर सबऑर्डिनेट सर्विस में हॉस्टल वेलफेयर ऑफिसर ग्रेड-II के 23 और एपी बैकवर्ड क्लासेस वेलफेयर सबऑर्डिनेट सर्विस में हॉस्टल वेलफेयर ऑफिसर ग्रेड-II के 29 पद शामिल हैं।
हॉस्टल वेलफेयर ऑफिसर के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 9 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी और आवेदन की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएशन की डिग्री या इसके समकक्ष कोई योग्यता होनी चाहिए। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन कंप्यूटर-आधारित भर्ती परीक्षा (सीबीआरटी), कंप्यूटर दक्षता परीक्षा (सीपीटी), आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 37,640 से 1,15,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
उम्मीदवारों को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए आंध्र प्रदेश पीएससी की आधिकारिक वबेसाइट पर जाकर संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।(VR)
यह भी पढ़ें:
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)