नागालैंड में 9-13 मार्च तक महिला जन सुनवाई: घरेलू हिंसा, ट्रैफिकिंग, यौन उत्पीड़न की शिकायतों का तुरंत निवारण
नागालैंड में 9-13 मार्च तक महिला जन सुनवाई: घरेलू हिंसा, ट्रैफिकिंग, यौन उत्पीड़न की शिकायतों का तुरंत निवारण

नागालैंड में 9-13 मार्च तक महिला जन सुनवाई: घरेलू हिंसा, ट्रैफिकिंग, यौन उत्पीड़न की शिकायतों का तुरंत निवारण

Published on

कोहिमा, 7 मार्च (आईएएनएस)। नागालैंड स्टेट कमीशन फॉर विमेन (एनएससीडब्ल्यू) ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य भर में महिलाओं की शिकायतों के लिए विशेष 'महिला जन सुनवाई' (पब्लिक हियरिंग) का आयोजन करने की घोषणा की है। एनएससीडब्ल्यू की चेयरपर्सन डब्ल्यू. न्गिनयेह कोन्याक ने शनिवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्यक्रम 9 से 13 मार्च 2026 तक सभी जिलों में जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

यह पहल नेशनल कमीशन फॉर विमेन (एनएसडब्ल्यू), नई दिल्ली के साथ मिलकर की जा रही है, जो पूरे देश में महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निवारण और न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए चलाई जा रही है। कोन्याक ने कहा कि यह सप्ताह भर चलने वाला अभियान महिलाओं को एक सीधा, सुलभ और प्रभावी मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपनी समस्याएं बता सकेंगी और संस्थागत सहायता प्राप्त कर सकेंगी।

मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, मैटरनिटी बेनिफिट्स, घर से निकालना, ट्रैफिकिंग, साइबर क्राइम के खिलाफ महिलाओं की शिकायतें, वैवाहिक अधिकार, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दे, भावनात्मक शोषण, जेंडर आधारित भेदभाव और हिंसा, कल्याण योजनाओं से जुड़ी समस्याएं और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से संबंधित अन्य शिकायतों को सुनना और उनका समाधान करना है।

'महिला जन सुनवाई' की खासियत यह है कि इसमें तुरंत सुनवाई, गंभीर मामलों का रजिस्ट्रेशन, कानूनी सलाह, प्रक्रिया में सहायता और समयबद्ध फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाएगा। एनएससीडब्ल्यू की चेयरपर्सन और सदस्य, जिला प्रशासन अधिकारी, डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (डीएएलएसए), पुलिस अधिकारी, कानूनी विशेषज्ञ और प्रोटेक्शन ऑफिसर वाली विशेष बेंच मौजूद रहेगी। वॉक-इन शिकायतें भी सुनी जाएंगी, जिससे ग्रामीण और दूर-दराज इलाकों की महिलाओं को बिना देरी के मदद मिल सकेगी।

कोन्याक ने जोर दिया कि यह पहल सिर्फ दिखावटी जश्न नहीं, बल्कि असल न्याय और सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम है। राज्य और राष्ट्रीय संस्थाओं के साझा प्रयास से महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और जिम्मेदार इकोसिस्टम बनाने का संकल्प है। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालयों के डीसी कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगा, ताकि पहुंच आसान रहे।

एनएससीडब्ल्यू ने राज्य की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे अन्याय का सामना कर रही हों तो बिना संकोच के इन सुनवाई में भाग लें।

--आईएएनएस

एससीएच

logo
www.newsgram.in