बिहार में 2030 तक जो सरकार चलेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी : संजय झा
बिहार में 2030 तक जो सरकार चलेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी : संजय झा

बिहार में 2030 तक जो सरकार चलेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी : संजय झा

Published on

पटना, 7 मार्च (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शनिवार को साफ तौर पर कहा कि बिहार में 2030 तक जो सरकार चलेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी। वे पार्टी का भी काम देखेंगे और जो सरकार चलेगी, उसे गाइड भी करेंगे।

पटना में शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि निशांत रविवार को पार्टी का काम शुरू करेंगे। पार्टी और जो भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपेगी, वह काम करेंगे। इससे पहले शनिवार को निशांत ने पार्टी के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की।

बैठक के बाद संजय झा ने बताया कि निशांत ने बैठक में कहा कि जो लोगों ने भी मुझ पर भरोसा जताया है, उसके मुताबिक आने वाले समय में पार्टी का भी काम करूंगा और जो भी जिम्मेदारी मुझे मिलेगी, उसका भी निर्वहन करूंगा।

जदयू के भविष्य को लेकर उन्होंने साफ तौर पर कहा, "जदयू का भविष्य बिहार की जनता तय करती है। बिहार की जनता ने 2025 के चुनाव में तय कर दिया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनाव हुआ और सरकार चल रही है। यह भी सच है कि जो भी वे (नीतीश कुमार) फैसला लेते हैं, उससे पहले वे चर्चा सबसे करते हैं और वे खुद फैसला लेते हैं। वे जो भी तय किए हैं, पार्टी के लोग उनके साथ हैं। यह सच्चाई है कि बिहार के लोगों को लगता है कि जब तक नीतीश हैं, वे सुरक्षित हैं।स्वाभाविक है उनके इस फैसले से पूरा बिहार मर्माहत है।"

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के काम को आगे बढ़ाना पार्टी के लोगों के लिए एक चुनौती है। इस चुनाव में बिहार को 10 विकसित राज्यों में शामिल करने का जो उन्होंने जो वादा किया था, उसके लिए हम सब मिलकर काम करेंगे।

जदयू के नेता ने कहा कि नीतीश कुमार के फैसले के साथ हम सभी लोग उनके साथ हैं। बिहार और जदयू का भविष्य उज्ज्वल है। नीतीश कुमार का सिर्फ रोल बदला है। राज्यसभा के सत्र के दौरान वे सिर्फ दिल्ली में रहेंगे, शेष समय वे बिहार में रहकर जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करेंगे। पार्लियामेंट का जो काम होगा, उस समय वे सिर्फ दिल्ली में रहेंगे।

उन्होंने निशांत को लेकर कहा, "निशांत का पार्टी में क्या रोल होगा, यह पार्टी तय करेगी। नीतीश कुमार अपनी जिम्मेदारी से अलग नहीं हुए हैं। केवल राज्यसभा जाने की उनकी इच्छा थी, वे गए है लेकिन उनकी प्रतिबद्धता नहीं बदली है।" उन्होंने यहां तक कहा कि नीतीश कुमार का काल बिहार का स्वर्णिम काल था।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

logo
www.newsgram.in