राज्यसभा चुनाव 2026: भाजपा ने बिहार, हरियाणा और ओडिशा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए
राज्यसभा चुनाव 2026: भाजपा ने बिहार, हरियाणा और ओडिशा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए

राज्यसभा चुनाव 2026: भाजपा ने बिहार, हरियाणा और ओडिशा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए

Published on

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार, हरियाणा और ओडिशा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी ने इन राज्यों के लिए अनुभवी और प्रभावशाली नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह जानकारी दी गई कि राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। इन नियुक्तियों के माध्यम से भाजपा ने क्षेत्रीय समीकरणों और केंद्र-राज्य समन्वय पर विशेष ध्यान दिया है। बिहार, हरियाणा और ओडिशा में होने वाले ये चुनाव राजनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील हैं, जहां प्रत्येक सीट का गणित राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।

बिहार जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य के लिए भाजपा ने दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इसमें छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा शामिल हैं। पार्टी का मानना है कि इन दोनों नेताओं के अनुभव से राज्यसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति को मजबूती मिलेगी।

वहीं हरियाणा के लिए गुजरात के युवा और प्रभावशाली नेता हर्ष संघवी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि उनकी संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक अनुभव से राज्य में चुनावी प्रबंधन को बेहतर दिशा मिलेगी।

इसके अलावा महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को ओडिशा में राज्यसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ओडिशा में भाजपा के लगातार बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह नियुक्ति काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और रणनीतिक रूप से सफल बनाने के लिए तीन प्रमुख राज्यों में नियुक्ति की गई है। इन पर्यवेक्षकों का मुख्य कार्य संबंधित राज्यों में पार्टी की रणनीति को लागू करना, विधायक दल के साथ समन्वय स्थापित करना और चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करना होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नियुक्त किए गए सभी पर्यवेक्षक जल्द ही अपने-अपने राज्यों का दौरा करेंगे। वे वहां भाजपा विधायक दल के साथ बैठक कर राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन, रणनीति और मतदान प्रक्रिया को लेकर मार्गदर्शन देंगे। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से चुनावी प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और पार्टी को बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

logo
www.newsgram.in