दिल्ली में अपने साले पर जानलेवा हमला करने वाला भगोड़ा अपराधी 2 साल बाद गिरफ्तार
दिल्ली में अपने साले पर जानलेवा हमला करने वाला भगोड़ा अपराधी 2 साल बाद गिरफ्तार

दिल्ली में साले पर जानलेवा हमला करने वाला भगोड़ा अपराधी 2 साल बाद गिरफ्तार

Published on

नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल घोषित अपराधियों को पकड़ने और गिरफ्तार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की एनआर-आई टीम ने शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 2 साल से अधिक समय से पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था।

डीसीपी क्राइम ब्रांच-4 पंकज कुमार के अनुसार, 6 मार्च 2026 को इंस्पेक्टर अजय गहलावत के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के एनआर-आई की एक विशेष टीम ने एएसआई प्रेमवीर द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर अनवर हुसैन निवासी गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। अनवर 17 नवंबर 2023 को शाहबाद डेयरी थाने में केस दर्ज होने के बाद फरार हो गया था।

पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि 16 नवंबर, 2023 को अनवर हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस स्टेशन शाहबाद डेयरी क्षेत्र में अपने साले अबेदुर रहमान उर्फ ​​अब्दुल रहमान पर बेरहमी से हमला किया था।

पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद अनवर सह आरोपियों के साथ फरार हो गया था और लगातार कानूनी कार्रवाई से बचता रहा। इसके बाद 17 फरवरी 2025 को दिल्ली की रोहिणी अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

वहीं, लगातार प्रयासों, निरंतर निगरानी और प्रभावी फील्ड वर्क के दम पर क्राइम ब्रांच की एनआर-आई टीम भगोड़े अपराधी को ट्रैक करने और गिरफ्तार करने में सफल रही, जिससे मामले में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली।

दिल्ली-एनसीआर में नारकोटिक्स ट्रैफिकिंग के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 मार्च को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-।। यूनिट ने कृष्ण राठौर काना को गिरफ्तार किया था। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस) दक्षिण-पश्चिम जिला द्वारका की कोर्ट ने 20 फरवरी 2026 के आदेश पर कृष्ण राठौर को भगोड़ा घोषित किया गया था।

आरोपी को बरामद गांजे की सप्लाई करने के मामले में चिह्नित किया गया था। डब्ल्यूआर-।। यूनिट के एसआई कुलदीप सिंह ने सूचना के आधार पर उत्तम नगर में घेराबंदी कर आरोपी कृष्ण राठौर को ओम विहार फेज-1, उत्तम नगर के पास से गिरफ्तार किया था।

--आईएएनएस

ओपी/वीसी

logo
www.newsgram.in