गुवाहाटी में भाजपा का युवा सम्मेलन 15 मार्च को, अमित शाह करेंगे युवाओं से संवाद

गुवाहाटी में भाजपा का युवा सम्मेलन 15 मार्च को, अमित शाह करेंगे युवाओं से संवाद
गुवाहाटी में भाजपा का युवा सम्मेलन 15 मार्च को, अमित शाह करेंगे युवाओं से संवाद
Published on

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन और राजनीतिक विस्तार को लेकर असम में एक बड़े युवा सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के युवाओं को जोड़ना और उन्हें पार्टी की गतिविधियों और सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।

गुवाहाटी में 15 मार्च को होने वाले इस युवा सम्मेलन में पूरे राज्य से लगभग एक लाख युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सम्मेलन में शामिल होंगे और युवाओं से संवाद करेंगे। पार्टी के सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम का मकसद न केवल युवाओं को पार्टी से जोड़ना है, बल्कि केंद्र सरकार की विकास संबंधी पहलों और असम में भविष्य की योजनाओं पर भी ध्यान आकर्षित कराना है। इस मौके पर युवाओं को सरकार की विभिन्न परियोजनाओं और उनके लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि उन्हें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया जा सके।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी असम का दौरा करेंगे। वह 13 मार्च को गुवाहाटी पहुंचेंगे और एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 14 मार्च को प्रधानमंत्री कोकराझार जाएंगे, जहां राज्य में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं से जुड़े एक और कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के इन दौरों को भाजपा की नॉर्थ ईस्ट में राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।

पार्टी का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल युवा वोटरों को सक्रिय करते हैं, बल्कि राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा यह युवा सम्मेलन केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं पर प्रकाश डालने और स्थानीय जनता में उनके प्रभाव को स्पष्ट करने का अवसर भी प्रदान करेगा।

--आईएएनएस

वीसी

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

Related Stories

No stories found.
logo
www.newsgram.in