यूएस सीनेटरों का आरोप: ट्रंप प्रशासन की लापरवाही से चीन तक पहुंच सकती है उन्नत एआई तकनीक

डेमोक्रेट सीनेटरों का दावा, निर्यात नियंत्रण में खामी से एनवीडिया-एएमडी जैसी कंपनियों के उन्नत एआई चिप्स चीनी फर्मों तक पहुंचे, जिससे बीजिंग की सैन्य ताकत को बढ़त मिलने का खतरा
यूएस सीनेटरों का आरोप: ट्रंप प्रशासन की लापरवाही से चीन तक पहुंच सकती है उन्नत एआई तकनीक
यूएस सीनेटरों का आरोप: ट्रंप प्रशासन की लापरवाही से चीन तक पहुंच सकती है उन्नत एआई तकनीकIANS
Published on

अमेरिका की दो वरिष्ठ डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने ट्रंप प्रशासन पर आरोप लगाया है कि उसने अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों में एक ऐसी खामी रहने दी, जिसकी वजह से अमेरिका के कुछ सबसे उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चिप्स चीनी कंपनियों के पास पहुंच सकते हैं। उनका कहना है कि इससे चीन की सैन्य क्षमताओं को बढ़ावा मिल सकता है।

मैसाचुसेट्स की सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन और न्यू जर्सी के सीनेटर एंडी किम ने कहा कि पिछले 18 महीनों में निर्यात नियंत्रण नियमों को अपडेट न करने की वजह से अनजाने में अमेरिका की उन्नत तकनीक चीन की कंपनियों तक पहुंचने का रास्ता खुल गया हो सकता है।

दोनों सीनेटरों ने एक संयुक्त बयान में कहा, "रविवार दोपहर ट्रंप प्रशासन ने खुलासा किया कि पिछले डेढ़ साल से निर्यात नियंत्रण नियमों को अपडेट न करने की वजह से अमेरिका के सबसे उन्नत एआई चिप्स चीन की कंपनियों तक पहुंच गए हो सकते हैं, जिससे चीन की सैन्य ताकत बढ़ सकती है।"

उनकी यह आलोचना उस कदम के बाद आई, जिसमें अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने एआई प्रोसेसरों पर लागू निर्यात प्रतिबंधों में मौजूद एक संभावित खामी को दूर करने की कोशिश की। ये प्रोसेसर एनवीडिया और एएमडी जैसी कंपनियां बनाती हैं।

अपने नोटिस में वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी ने कहा कि लाइसेंस संबंधी नियम उन उन्नत चिप्स पर भी लागू होंगे जो चीन में मुख्यालय रखने वाली कंपनियों को निर्यात किए जाते हैं, भले ही वे कंपनियां चीन के बाहर स्थित अपनी सहायक कंपनियों के माध्यम से काम कर रही हों।

चिंता यह थी कि चीन की कुछ कंपनियों ने विदेशों में मौजूद अपनी सहयोगी या सहायक कंपनियों के जरिए उन्नत सेमीकंडक्टर हासिल कर लिए हों, जबकि अमेरिका लंबे समय से चीन की अत्याधुनिक एआई तकनीक तक पहुंच सीमित करने की कोशिश कर रहा है।

सीनेट बैंकिंग समिति में शीर्ष डेमोक्रेट सदस्य वॉरेन और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार-वित्त उपसमिति में शीर्ष डेमोक्रेट सदस्य किम ने कहा कि प्रशासन को तुरंत कदम उठाकर किसी भी तरह की अस्पष्टता खत्म करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, "वाणिज्य विभाग आज ही इस खामी को बंद कर सकता है। इसके लिए उसे स्पष्ट और व्यापक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए, न कि चुपचाप देखते रहना चाहिए जबकि अमेरिकी तकनीक चीन की सेना तक पहुंच रही हो।"

दोनों सीनेटरों ने वाणिज्य विभाग की ओर से निर्यात नियंत्रण नियमों के प्रबंधन की जांच के लिए कांग्रेस से भी हस्तक्षेप करने की मांग की।

उन्होंने कहा, "वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक को सीनेट बैंकिंग समिति के सामने गवाही देनी चाहिए और बताना चाहिए कि वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी के उनके लापरवाह प्रबंधन से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कैसे खतरा पहुंच रहा है।"

[PY]

यूएस सीनेटरों का आरोप: ट्रंप प्रशासन की लापरवाही से चीन तक पहुंच सकती है उन्नत एआई तकनीक
भारत-अमेरिका साझेदारी से एआई को अपनाने की दर आ सकती है तेजी
logo
www.newsgram.in