तेलुगु एक्टर राजेंद्र प्रसाद से जुड़े विवाद पर बोले नासिर, 'उन्हें फैंस से माफी मांगनी चाहिए'
मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों एक बयान को लेकर बहस तेज हो गई है। यह मामला दिग्गज अभिनेता और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. जी. रामचंद्रन (एमजीआर) को लेकर की गई एक टिप्पणी से जुड़ा है। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान तेलुगु सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र प्रसाद ने मशहूर अभिनेता कांता राव की तारीफ करते हुए एक ऐसी बात कह दी, जिसे कई लोगों ने दिग्गज तमिल अभिनेता एमजीआर के अपमान से जोड़कर देखा।
इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया और फिल्म जगत में चर्चा शुरू हो गई। इसी बीच अब दक्षिण भारतीय कलाकार संघ के अध्यक्ष और मशहूर अभिनेता नासिर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है और राजेंद्र प्रसाद से दिल से माफी मांगने की अपील की है।
नासिर ने इस मामले को लेकर एक छोटा सा वीडियो बनाया और कहा, "मैंने वह वीडियो देखा, जिसमें राजेंद्र प्रसाद अभिनेता कांता राव की कला और अभिनय की तारीफ कर रहे थे। एक कलाकार का दूसरे कलाकार की प्रतिभा की सराहना करना अच्छी बात है, और यह फिल्म इंडस्ट्री की भी खूबसूरती है, लेकिन उसी दौरान एमजीआर का नाम तुलना में लाने और उनके बारे में कुछ कहने से कई लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।"
नासिर ने कहा, ''एमजीआर सिर्फ तमिल सिनेमा के बड़े सितारे ही नहीं थे, बल्कि वे एक ऐसे नेता भी थे, जिन्हें लोग आज भी बहुत सम्मान से याद करते हैं। उन्होंने लंबे समय तक तमिलनाडु की राजनीति में अहम भूमिका निभाई और एक दशक से ज्यादा समय तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उनके काम और व्यक्तित्व के कारण उन्हें लोगों का बेहद प्यार मिला, इसलिए जब उनके बारे में कोई ऐसी टिप्पणी की जाती है, जो सम्मानजनक न लगे तो स्वाभाविक रूप से लोगों को दुख पहुंचता है।''
नासिर ने वीडियो में कहा, "जब तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और नेता एन. टी. रामाराव ने अपनी राजनीतिक पार्टी की शुरुआत की थी, तब एमजीआर उनके महत्वपूर्ण सलाहकारों में से एक थे। अगर राजेंद्र प्रसाद के बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें दिल से माफी मांग लेनी चाहिए।''
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी

