

अभिनेत्री विद्या बालन ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने अपनी और दिवंगत अभिनेता इरफान खान की लंबे समय से अटकी हुई फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' को बुधवार को पहली बार देखा था। दरअसल, ये फिल्म पहले शूट हो चुकी थी, लेकिन इसे 29 अप्रैल 2026 को इरफान खान की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर रिलीज किया गया था।
विद्या बालन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म को लेकर नोट लिखा। अभिनेत्री ने अपने करियर के उस संघर्षपूर्ण दौर को याद किया जब उन्हें 'पनौती' तक कहा जाने लगा था।
विद्या ने लिखा, "मैंने 'द लास्ट टेनेंट' पहली बार बुधवार रात देखी, जबकि मैंने इस फिल्म की शूटिंग करीब 25 साल पहले की थी। मैंने इस फिल्म में काम किया था, लेकिन किसी वजह से यह फिल्म उस समय रिलीज ही नहीं हो पाई। उस समय मेरे करियर में ऐसा दौर चल रहा था जब मैं जिस भी प्रोजेक्ट से जुड़ती थी, वह पूरा नहीं हो पाता था। मेरी पहली मलयालम फिल्म 'चकरम' भी बंद हो गई थी। उसके बाद लगभग तीन साल में मुझे करीब एक दर्जन फिल्मों से हटा दिया गया।"
विद्या ने स्वीकार किया कि उस समय की असफलताओं और कड़वी यादों को भुलाने के लिए उन्होंने जानबूझकर उन यादों को अपने मन में कहीं गहरा दबा दिया था और जीवन में आगे बढ़ गई थीं।
विद्या ने लिखा, "पिछले हफ्ते निर्देशक सार्थक दासगुप्ता का एक मैसेज आया, जिसमें उन्होंने मुझे बताया कि यह फिल्म अब यूट्यूब पर रिलीज हो गई है। फिर मुझे एक पुरानी याद आई। मैंने अपनी बहन प्रिया को शूटिंग के समय फोन किया था और बहुत उत्साह से बताया था कि मैं इरफान खान के साथ शूट कर रही हूं।"
विद्या ने आगे लिखा, "उस समय भी मुझे लगता था कि वह सबसे नेचुरल अभिनेता हैं और फिल्म देखते हुए मुझे फिर वही महसूस हुआ। उनके अभिनय में कभी कोई बनावट नहीं होती थी।"
अभिनेत्री ने लिखा, "इरफान खान के निधन के बाद मुझे हमेशा अफसोस रहा कि हम साथ में कुछ और फिल्में नहीं कर पाए, जबकि कई मौके ऐसे थे, जो किसी वजह से बन नहीं पाए, लेकिन अब कम से कम 'द लास्ट टेनेंट' तो मेरे पास है। मैं सार्थक दासगुप्ता का बहुत धन्यवाद करती हूं।" [SP]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)