'फिर वे चीजें आपकी नहीं रहती', जब करीना के 'कल हो ना हो' छोड़ने पर प्रीति जिंटा ने दी थी प्रतिक्रिया

बॉलीवुड की दुनिया में कई बार ऐसी फिल्में बनती हैं, जिनसे जुड़े किस्से सालों बाद भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहते हैं।
फिर वे चीजें आपकी नहीं रहती
फिर वे चीजें आपकी नहीं रहतीIANS
Published on

बॉलीवुड की दुनिया में कई बार ऐसी फिल्में बनती हैं, जिनसे जुड़े किस्से सालों बाद भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहते हैं। बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'कल हो ना हो' को लेकर भी कुछ ऐसी चर्चा लंबे समय तक बनी रही है। अब इस फिल्म से जुड़ा एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रीति जिंटा करीना कपूर के बयान पर बेबाक तरीके से अपनी बात रखती नजर आ रही है।

इंटरनेट पर वायरल हो रहा वीडियो 'कॉफी विद करण' शो का है, जिसे मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर होस्ट करते हैं। बातचीत के दौरान करण जौहर ने प्रीति जिंटा से उस चर्चा पर सवाल किया, जिसमें कहा जाता रहा कि फिल्म 'कल हो ना हो' के लिए पहले करीना कपूर खान को चुना गया था।

दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीना कपूर को पहले यह फिल्म ऑफर की गई थी, लेकिन बात फीस को लेकर अटक गई। कहा जाता है कि करीना ने फिल्म के लिए उतनी ही फीस मांगी थी, जितनी फिल्म के स्टार शाहरुख खान को दी जा रही थी। इसके बाद मामला आगे नहीं बढ़ पाया और फिल्म प्रीति जिंटा को मिल गई।

करण जौहर ने शो में प्रीति से पूछा, ''करीना इस फिल्म की पहली पसंद थीं, उनकी जगह आपको कास्ट किया गया। आपको असल में कैसा लगा?'' इस सवाल का जवाब प्रीति जिंटा ने बेहद सरल तरीके से दिया। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा, ''अगर कोई व्यक्ति दुकान में जाकर जींस पहनकर देखता है, लेकिन उसे खरीदता नहीं है, तो वह जींस उसकी नहीं हो जाती। लेकिन अगर बाद में कोई दूसरा व्यक्ति उसे खरीद लेता है, तो वह असल में उसी की ही कहलाती है।''

प्रीति जिंटा ने आगे कहा, ''मुझे याद है, जब आपने मुझे इस फिल्म की कहानी सुनाई थी, तो मुझे हैरानी इस बात की हुई थी कि आखिर कोई इस फिल्म को करने से मना कैसे कर सकता है। मुझे कहानी बेहद पसंद आई थी। हालांकि उस समय हर जगह यही चर्चा हो रही थी कि करीना पहली पसंद थीं और प्रीति दूसरी पसंद। करीना बार-बार यह बात कह रही थीं कि उन्होंने खुद फिल्म को मना किया था। इस पर मैं खुद उनका धन्यवाद करती हूं, क्योंकि उनके मना करने के बाद यह फिल्म मेरी झोली में आई।''

इस दौरान शो में सैफ अली खान भी मौजूद थे। करण जौहर ने उनसे पूछा कि उनके हिसाब से फिल्म में 'नैना' का किरदार कौन बेहतर निभा सकता था। इस पर सैफ ने कहा कि फिल्म देखने के बाद मुझे लगता है कि उस किरदार में प्रीति जिंटा के अलावा किसी और की कल्पना करना मुश्किल है।

बताया जाता है कि इस फिल्म को लेकर करण जौहर और करीना कपूर के रिश्तों में कुछ समय के लिए दूरी आ गई थी। दोनों के बीच बातचीत भी कम हो गई थी। हालांकि बाद में दोनों के रिश्ते सुधरे और उन्होंने फिल्म 'कुर्बान' में फिर से साथ काम किया। इस फिल्म में सैफ अली खान भी नजर आए थे। [SP]

फिर वे चीजें आपकी नहीं रहती
किरदार बदले, कहानी वही: जब बड़े पर्दे पर 'जुड़वां'' निकलीं दो अलग-अलग फिल्में

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

logo
www.newsgram.in