

अभिनेता सोनू सूद फिल्मों में अपने अभिनय से लेकर जरूरतमंदों की मदद को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। इसी के साथ ही, वे किसी भी मुद्दे पर बेबाकी के साथ अपनी राय रखने में पीछे नहीं हटते हैं। मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए सोनू सूद ने गहरी और सोचने वाली बातें कहीं। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में उन्होंने गीता और कुरान का उदाहरण देकर इंसानियत पर गहरा संदेश दिया।
अभिनेता ने कहा, "कभी सोचा है कि शराब बेचने वालों को कहीं जाना नहीं पड़ता है, लेकिन दूध बेचने वाले को घर-घर जाना पड़ता है। फिर भी लोग दूध वाले से शक करते हुए पूछते हैं कि कहीं पानी तो नहीं मिलाया है, लेकिन खुद शराब में पानी मिलाकर पीते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि एक सच्चा दोस्त वही होता है जो कड़वा सच बोलता है। नमक में कीड़े नहीं लगते, लेकिन मिठाई में अक्सर कीड़े पड़ जाते हैं। उन्होंने कहा, "हम किसी अच्छी तस्वीर की सालों-साल तारीफ करते हैं, लेकिन उस तस्वीर को सहारा देने वाली छोटी-सी कील को भूल जाते हैं।
ठीक वैसे ही, मोमबत्ती को जलाकर हम अपने गुजरे हुए लोगों को याद करते हैं, लेकिन उसी मोमबत्ती को बुझाकर जन्मदिन की खुशी मनाते हैं। पायल की कीमत हजारों में होती है, पर उसे पैरों में पहना जाता है और बिंदी सस्ती होती है, लेकिन उसे माथे पर लगाया जाता है।" उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए गीता और कुरान का उदाहरण दिया। अभिनेता ने कहा, "सबसे बड़ी बात यह है कि घर में रखी गीता और कुरान कभी आपस में नहीं लड़ती हैं। वे शांति से साथ रहती हैं, लेकिन जो लोग इनके नाम पर झगड़े और लड़ाई करते हैं, उन्होंने इन्हें कभी ठीक से पढ़ा ही नहीं होता है। वाह रे इंसान, अपनी गलतियों को पहचानो। अभी भी सुधरने का समय है। बेहतर इंसान बनो, क्योंकि यही असली जिंदगी है।" [SP]