यादों में रेणु : 'मैला आंचल' के 'गुलफाम', समाज, साहित्य और सादगी को साधने वाले शब्दशिल्पी

हर साल की 11 अप्रैल कैलेंडर पर दर्ज सिर्फ एक तारीख नहीं है। यह तारीख उस आवाज की खामोशी का प्रतीक है जिसने गांव, खेत, गंध, लोक और मनुष्य के छोटे-छोटे सुख-दुख को शब्दों में ऐसा ढाला कि वे हमेशा के लिए जीवंत हो गए।
यादों में फणीश्वरनाथ रेणु: मिट्टी की महक से महाकाव्य रचने वाला कथाकार
यादों में फणीश्वरनाथ रेणु: मिट्टी की महक से महाकाव्य रचने वाला कथाकारIANS
Published on

हर साल की 11 अप्रैल कैलेंडर पर दर्ज सिर्फ एक तारीख नहीं है। यह तारीख उस आवाज की खामोशी का प्रतीक है जिसने गांव, खेत, गंध, लोक और मनुष्य के छोटे-छोटे सुख-दुख को शब्दों में ऐसा ढाला कि वे हमेशा के लिए जीवंत हो गए। साल 1977 में 11 अप्रैल को ही साहित्यकार फणीश्वरनाथ रेणु का निधन हुआ था। इस दिन उनकी आवाज हमेशा के लिए खामोश जरूर हो गई, लेकिन उनकी लिखावट आज भी रंगमंच से लेकर लोगों के जीवन में उपस्थित है।

भारत-नेपाल सीमा के पास जन्म लेने के कारण नेपाल की सशस्त्र क्रांति में भी उनकी गहरी रुचि रही। 1950 में नेपाल की एकतंत्रीय राजशाही के खिलाफ संघर्ष में उन्होंने विद्रोही सेना के साथ सक्रिय भूमिका निभाई और विद्रोहियों के ‘नेपाल रेडियो’ के प्रथम डायरेक्टर जनरल भी बने। वे लंबे समय तक कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य रहे। 1952-53 के दौरान लंबी बीमारी ने उन्हें सक्रिय राजनीति से दूर कर दिया। यही वह मोड़ था, जब उन्होंने साहित्य को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया। हालांकि उनकी राजनीतिक सजगता अंतिम समय तक बनी रही और देश में आपातकाल का उन्होंने कड़ा विरोध किया। 1954 में प्रकाशित उनका पहला उपन्यास ‘मैला आंचल’ हिंदी साहित्य में एक मील का पत्थर साबित हुआ और यहीं से उनकी पहचान एक बड़े कथाकार के रूप में स्थापित हो गई।

फणीश्वरनाथ रेणु को हिंदी साहित्य में आंचलिक युग की स्थापना का श्रेय दिया जाता है। प्रेमचंद के समय से शुरू हुई आंचलिकता की प्रवृत्ति को उन्होंने अपने लेखन में पूर्ण विस्तार दिया। उनकी रचनाओं में ग्रामीण जीवन का जो गहन, रागात्मक और रसपूर्ण चित्रण मिलता है, वह हिंदी कथा-साहित्य में अद्वितीय है। उनकी भाषा-शैली, जिसमें लोकभाषा, बोली और जीवन की सादगी का सुंदर मेल है, ने साहित्य को एक नया आयाम दिया।

'मैला आंचल' के बाद उनका उपन्यास 'परती परिकथा' और कहानी 'मारे गए गुलफाम' ने उनकी ख्याति को और विस्तार दिया। 'मारे गए गुलफाम' पर शोमैन राजकपूर अभिनीत प्रसिद्ध फिल्म 'तीसरी कसम' बनी। उन्होंने केवल उपन्यास और कहानियां ही नहीं लिखीं, बल्कि निबंध, रिपोर्ताज और संस्मरण जैसी गद्य विधाओं में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। रेणु के उपन्यास में मैला आंचल, परती परिकथा, जुलूस, पल्टू बाबू रोड, दीर्घतपा, कितने चौराहे शामिल हैं। वहीं, कहानी संग्रह में ठुमरी, एक आदिम रात्रि की महक, अग्निखोर, मेरी प्रिय कहानियां, एक श्रावणी दोपहरी की धूप, अच्छे आदमी शामिल हैं। रेणु के चर्चित कहानियों की अगर हम बात करें तो उसमें मारे गए गुलफाम, एक आदिम रात्रि की महक, लाल पान की बेगम, पंचलाइट, तबे एकला चलो रे, ठेस और संवदिया का जिक्र विशेष रूप से किया जाता है।

भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया और उनके सम्मान में डाक टिकट भी जारी किया गया। रेणु का साहित्य आज भी महसूस किया जाता है। उनकी कहानियों में बहती नदी, खेतों की हरियाली, लोकगीतों की गूंज और आम आदमी की पीड़ा सब जीवंत हैं। [SP]

यादों में फणीश्वरनाथ रेणु: मिट्टी की महक से महाकाव्य रचने वाला कथाकार
माफीनामे के शब्दों में बदलाव के लिए रणवीर सिंह तैयार, देवी की नकल उतारने के मामले में कोर्ट को दिया स्पष्टीकरण

(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)

Related Stories

No stories found.
logo
www.newsgram.in