

इस समय हर तरफ कान्स फिल्म फेस्टिवल की धूम देखने को मिल रही है, लेकिन शायद ही कुछ लोग जानते होंगे कि टेलीविजन इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता मनीष रायसिंघानी पहले ही अतंर्राष्ट्रीय मंच पर अपना जलवा बिखेर चुके हैं।
दरअसल, अभिनेता मनीष रायसिंघानी और अभिनेत्री अविका गौर की जोड़ी कान्स फिल्म फेस्टिवल में मुख्य रूप से 2016 और 2017 में शामिल हुई थी।
उस दौर को याद करते हुए अभिनेता ने बताया कि उस समय उनका मकसद किसी लेबल को साबित करना नहीं, बल्कि अपनी कहानी को दुनिया के सामने रखना था।
मनीष रायसिंघानी ने कहा, "उस समय हमारे दिमाग में यह ख्याल नहीं था कि हम टीवी एक्टर्स के लिए नए रास्ते खोल रहे हैं, बल्कि हमने तो बस अपनी फिल्म के आधिकारिक चयन को पूरे उत्साह के साथ सेलिब्रेट किया था।"
उन्होंने आगे कहा कि ग्लोबल मंच हमेशा उन लोगों के लिए खुले रहते हैं, जो पूरे विश्वास और जुनून के साथ नई संभावनाओं को तलाशने के लिए तैयार रहते हैं।
अभिनेता ने भारतीय कहानियों और संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने पर गर्व जताया। उन्होंने कहा, "रेड कार्पेट पर जब हम चल रहे थे, तो हमारे मन में दो विचार थे। एक तरफ, तो मुझे गर्व था कि मैं टीवी की दुनिया से वहां पहुंचने वाले शुरुआती लोगों में से एक हूं, दूसरी ओर हर कदम के साथ भविष्य में कहानी कहने की कला में सर्वश्रेष्ठ बनने का सपना था।"
अभिनेता ने बताया कि उनके लिए यह सफर सिर्फ ग्लैमर तक सीमित नहीं था, बल्कि रचनात्मक रूप से खुद को साबित करने का एक बड़ा मौका था।
अभिनेता ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि उन्होंने और अविका ने हमेशा खुद को कहानीकार के रूप में देखा। उन्होंने किसी भी प्रोजेक्ट को टीवी या फिल्म के नजरिए से नहीं देखा। उन्होंने बताया, "मैंने अपनी फिल्मों में अभिनय के साथ निर्देशन, पटकथा लेखन, शूटिंग और एडिटिंग भी की है।"
उन्होंने आगे कहा, "जब आप अपनी फिल्म का हर काम खुद करते हैं, तो आप किसी तय ढांचे या खाने में फिट नहीं होते, बल्कि आप अपनी एक अलग जगह बना लेते हैं।"
[PY]
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)