

ब्रिटिश मूल की अभिनेत्री और मॉडल हेजल कीच हिंदी सिनेमा में भले ही ज्यादा नजर नहीं आई हों, लेकिन उनकी पहचान हमेशा खास रही है। उनकी जिंदगी में तीन अलग-अलग नाम जुड़े रहे हैं। यही बात उन्हें और भी दिलचस्प बनाती है।
एक साधारण लड़की से मॉडल, फिर अभिनेत्री और बाद में एक क्रिकेटर की पत्नी बनने तक का उनका सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। हेजल कीच का जन्म 28 फरवरी 1987 को इंग्लैंड के एसेक्स में हुआ था। उनके पिता ब्रिटिश थे, जबकि उनकी मां भारतीय मूल की थीं। बचपन से ही हेजल को डांस और स्टेज परफॉर्मेंस का शौक था।
स्कूल के दिनों में ही वह स्टेज शो में हिस्सा लेने लगी थीं। उन्होंने इंडियन क्लासिकल और वेस्टर्न कंटेम्पररी डांस सीखा। हेजल ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की। जब वह 18 साल की थीं, तब भारत घूमने आई थीं। यहीं उन्हें काम के ऑफर मिलने लगे और उन्होंने भारत में ही रहने का फैसला कर लिया। मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखते ही एक एजेंसी ने उनका नाम बदलकर 'रोज डॉन' रख दिया। यह उनका प्रोफेशनल नाम बन गया।
इस नाम से उन्होंने कई विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो में काम किया। हालांकि बाद में उन्होंने फिर से अपना असली नाम अपनाया और फिल्मों में हेजल कीच के नाम से पहचानी गईं। भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से शादी के बाद हेजल ने सिख परंपरा के अनुसार 'गुरबसंत कौर' नाम अपनाया। इस तरह उनकी जिंदगी में तीसरा नाम जुड़ गया।
यही कारण है कि उन्हें तीन नामों वाली अभिनेत्री (Actress) भी कहा जाता है। फिल्मों की बात करें तो उन्हें पहली बड़ी पहचान 2011 में आई फिल्म 'बॉडीगार्ड' से मिली।
इस फिल्म (Films) में उन्होंने सपोर्टिंग रोल निभाया। इससे पहले वह तमिल फिल्म 'बिल्ला' में डांस नंबर कर चुकी थीं। उन्होंने कुछ और फिल्मों में भी छोटे रोल किए, लेकिन वह बड़ी स्टार नहीं बन पाईं। इसके अलावा, वह रियलिटी शो 'बिग बॉस 7' में भी नजर आईं, हालांकि शो में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला। मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में उन्हें काफी सराहना मिली। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि भारत आने के शुरुआती दिनों में वह डिप्रेशन से भी गुजरी थीं, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और आगे बढ़ीं। आज वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं और अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।
[PY]