दूरदर्शन के 250 रुपए से शुरू हुआ था अनिल कपूर का सफर, शशि कपूर के हाथों मिला 'बेस्ट एक्टर' अवॉर्ड

जब कोई बड़ा कलाकार करियर के शुरुआती दिनों को याद करता है, तो वह सफर और भी प्रेरणादायक लगने लगता है। इस बार शो में दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर मेहमान बनकर पहुंचे।
बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर
जब कोई बड़ा कलाकार करियर के शुरुआती दिनों को याद करता है, तो वह सफर और भी प्रेरणादायक लगने लगता है। इस बार शो में दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर मेहमान बनकर पहुंचे।wikimedia commons
Author:
Published on
Updated on
2 min read

फिल्मी सितारों के करियर में यादगार शुरुआत की कहानियां छिपी होती हैं। जब कोई बड़ा कलाकार करियर के शुरुआती दिनों को याद करता है, तो वह सफर और भी प्रेरणादायक लगने लगता है। हाल ही में ऐसा पल गेमिंग रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में देखने को मिला।

उन्होंने शो के होस्ट और अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) से काफी बातें कीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी पहली कमाई, कॉलेज के दिनों और सुपरहिट गाने 'धक धक करने लगा' से जुड़ी यादें साझा कीं।

शो में अनिल कपूर ने बताया, ''मेरी पहली कमाई साल 1976 में हुई थी। उस समय मैंने वर्ली स्थित दूरदर्शन स्टूडियो में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी, जिसके बदले मुझे 250 रुपए मिले थे। उस दौर में यह रकम मेरे लिए बेहद खास थी, क्योंकि यह मेरी मेहनत की पहली कमाई थी। खुद को पहली बार छोटे पर्दे पर देखना जीवन का सबसे भावुक पल था। यहीं से मुझे पहचान मिली और अभिनेता बनने का आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ।''

अनिल कपूर ने कहा, ''मैं आज तक उस पुराने कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग ढूंढने की कोशिश कर रहा हूं, ताकि देख सकूं कि मैंने उस समय कैसा अभिनय किया था। लेकिन, अब तक वह क्लिप नहीं मिल पाई है।''

अनिल कपूर ने अपने कॉलेज के दिनों को भी याद किया। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ थिएटर में भी कदम रखा था।

उन्होंने कहा, ''जब मैंने पहली बार नाटक किया, तब कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मशहूर अभिनेता शशि कपूर मौजूद थे। उन्होंने मुझे अपने हाथों से बेस्ट एक्टर की ट्रॉफी दी। यह मेरे लिए बड़ी उपलब्धि थी। उसी पल मुझे महसूस हुआ कि मैं सच में अभिनेता बन सकता हूं। इस सम्मान ने मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और मैंने अभिनय का बाकायदा कोर्स शुरू किया।''

शो के दौरान एक पहेली के जरिए दर्शकों ने मशहूर गाने 'धक धक करने लगा' के बारे में पूछा। इस मौके पर अनिल कपूर ने इस गाने से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ''यह गाना पूरी तरह से माधुरी दीक्षित का है, और वह इसमें बस साथ निभा रहे थे।''

इस बीच अक्षय कुमार ने कहा कि यह गाना जितना माधुरी का है, उतना ही अनिल कपूर का भी है।

अनिल कपूर ने बताया, "इस गाने की कोरियोग्राफी मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान (Saroj Khan) ने की थी और इसकी शूटिंग आरके स्टूडियो में हुई थी। फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी थी और इस गाने को आखिरी दिन फिल्माया गया। उस समय मैं और माधुरी दिन में दो-दो फिल्मों की शूटिंग कर रहे थे और रात में इस गाने की शूटिंग होती थी। दिनभर की थकान के बावजूद गाने में ऊर्जा और ताजगी है।"

'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' सोनी एंटरटेनमेंट टेलिविजन पर प्रसारित होता है और इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म सोनीलिव पर भी देखा जा सकता है।

[VT]

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर
अक्षय कुमार की पंक्चुअलिटी ने उड़ा दी 'बॉलीवुड वाइव्स' की नींद, भावना पांडे और नीलम कोठारी ने शेयर किए किस्से

Related Stories

No stories found.
logo
www.newsgram.in