

भारती एयरटेल (Airtel) ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने दुनिया भर में 650 मिलियन (65 करोड़) ग्राहकों का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही कंपनी सब्सक्राइबर (subscriber) बेस के लिहाज से दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर बन गई है।
सुनील भारती मित्तल (Sunil Bharti Mittal) के नेतृत्व वाली इस दूरसंचार कंपनी ने भारत और अफ्रीका (Africa) में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाई है। जीएसएमए इंटेलिजेंस (Global System for Mobile Communications Association) के आंकड़ों के अनुसार, अकेले भारत में ही एयरटेल के 368 मिलियन से ज्यादा मोबाइल यूजर्स हैं।
इसमें 13 मिलियन घर ऐसे हैं जो फिक्स्ड ब्रॉडबैंड (fixed broadband) से जुड़े हैं और 15 मिलियन ग्राहक कंपनी की डिजिटल टीवी सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अफ्रीका में इसकी सहायक कंपनी एयरटेल अफ्रीका 14 देशों में 179 मिलियन ग्राहकों को सेवाएं दे रही है। यहां कंपनी हाई-स्पीड डेटा, वॉयस सेवाएं और मोबाइल मनी जैसी सुविधाएं देती है, जहां 52 मिलियन से ज्यादा यूजर्स इसके फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं।
इस वैश्विक उपलब्धि के बावजूद भारत में एयरटेल अभी भी दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है, क्योंकि रिलायंस जियो ने पिछले साल 500 मिलियन से ज्यादा यूजर्स का आंकड़ा पार कर लिया था, हालांकि उसकी सेवाएं केवल भारत तक सीमित हैं।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि 650 मिलियन ग्राहकों तक पहुंचना एक बड़ी जिम्मेदारी है और कंपनी नवाचार और भरोसेमंद सेवाओं के जरिए ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने पर ध्यान देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि एयरटेल का लक्ष्य टेलीकॉम इंडस्ट्री में नए और ऊंचे मानक स्थापित करना है।
कंपनी तकनीकी विकास के मामले में भी आगे रही है और भारत में 5जी सेवाएं शुरू करने वाली शुरुआती कंपनियों में शामिल रही है।
कोटक इक्विटीज की रिपोर्ट के अनुसार, एयरटेल का सब्सक्राइबर बेस लगातार बढ़ रहा है, और वित्त वर्ष 2021 से वित्त वर्ष 2026 के बीच इसकी औसत वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) 2.9 प्रतिशत रही है।
सबसे खास बात यह है कि कंपनी के डेटा यूजर्स 9.7 प्रतिशत की दर से बढ़े हैं, जो यह दिखाता है कि ज्यादा वैल्यू वाले ग्राहक तेजी से जुड़ रहे हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अभी कंपनी के पास आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और मोबाइल ब्रॉडबैंड में।
इसमें यह भी बताया गया है कि एयरटेल के करीब 20 प्रतिशत यूजर्स अभी भी 2जी और 3जी नेटवर्क पर हैं, जिससे कंपनी को इन्हें तेज और बेहतर सेवाओं (जैसे 4जी और 5जी) में अपग्रेड करने का बड़ा मौका मिल सकता है।
[VT]
Also read:
(यह रिपोर्ट IANS न्यूज़ एजेंसी से स्वचालित रूप से ली गई है। न्यूज़ग्राम इस कंटेंट की कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेता।)