पहली बार टेस्ट में नंबर-1 टीम बनी न्यूजीलैंड

पहली बार टेस्ट में नंबर-1 टीम बनी न्यूजीलैंड
Published on: 
Updated on: 
1 min read

 न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहली बार नंबर-1 टीम बनी है। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से मात दे कर यह मुकाम हासिल किया है। न्यूजीलैंड ने बुधवार को हेग्ले ओवल मैदान पर खेले गए पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 176 रनों से हराया।

केन विलियम्सन की कप्तानी वाली कीवी टीम के अब 118 अंक हो गए हैं और वह रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंच गई है। आस्ट्रेलियाई टीम दूसरे स्थान पर है। उसके 116 अंक हैं। भारत 114 अंकों के साथ तीसरे और इंग्लैंड 106 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका 96 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।

यह भी पढ़ें : विलियम्सन युवाओं के लिए सही आदर्श : लक्ष्मण

कीवी टीम ने बीते कुछ साल नंबर-2 पर रहते हुए निकाले हैं। वेस्टइंडीज और पाकिस्तान को लगातार दो सीरीज में मात दे कर न्यूजीलैंड ने अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया है , इसी के साथ उसने अपने आप को आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल की रेस में बनाए रखा है।

इस चैम्पियनशिप की अंकतालिका में हालांकि न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है। टेस्ट चैम्पियनशिप का नतीजा प्रतिशत प्रणाली के आधार पर निकलेगा। भारत और आस्ट्रेलिया इस समय चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं और सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर हैं। यह दोनों टीमें टेस्ट चैम्पियनशिप में अभी भी न्यूजीलैंड से आगे हैं।(आईएएनएस)

logo
www.newsgram.in